चमकता जीवन सेवा संस्थान ने मनाया 16वां स्थापना दिवस, पौधरोपण संग नशामुक्ति का संदेश


16 वर्ष पूरे होने पर पौधरोपण, नशा जागरूकता गतिविधियों और विद्यार्थियों को सम्मानित कर स्वस्थ, नशामुक्त एवं हरित समाज का संदेश दिया गया।

भीलवाड़ा। चमकता जीवन सेवा संस्थान नशामुक्ति पुनर्वास एवं उपचार केंद्र, पंचवटी कॉलोनी ने अपने 16वें स्थापना दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देते हुए पौधरोपण एवं नशा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य हरित वातावरण को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं और विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना रहा।

संस्थान के अध्यक्ष चेतन कुमार पारीक के नेतृत्व में आयोजित पौधरोपण अभियान के तहत 25 पौधों का रोपण किया गया। इनमें नीम, बरगद, पीपल, आंवला, अशोक और गुलमोहर जैसे छायादार एवं औषधीय पौधे शामिल रहे। अभियान में पंचवटी कॉलोनी के जागरूक नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लिया। उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से किया जागरूक

इसी अवसर पर गौतम पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों के लिए नशा जागरूकता लिसनिंग एक्टिविटी आयोजित की गई। कार्यक्रम में बच्चों को अफीम, चरस, गांजा, भांग, डोडा और एमडी जैसे नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।

विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ गतिविधियों में भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया।

16 वर्षों से नशामुक्ति के क्षेत्र में कर रही है कार्य

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थान के अध्यक्ष चेतन कुमार पारीक ने कहा कि संस्था पिछले 16 वर्षों से नशामुक्ति, पुनर्वास, उपचार एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि “एक स्वस्थ, नशामुक्त और हरित समाज का निर्माण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।”

उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग से नशामुक्ति अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित

कार्यक्रम में गौतम पब्लिक स्कूल के संचालक कमल किशोर व्यास, स्पेशल योगा टीचर एवं ट्रेनर युवराज पारीक, काउंसलर शैलेंद्र व्यास, जिम ट्रेनर सतीश शर्मा, एडवोकेट जतिन दाधीच, विद्यालय का समस्त स्टाफ, संस्थान के सदस्य तथा पंचवटी कॉलोनी के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने नशामुक्ति का संदेश घर-घर तक पहुंचाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर पौधरोपण एवं पौधों के संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *