कमजोर मानसून, खाद की कालाबाजारी और सिंचाई संकट से परेशान किसानों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की।
किसानों ने कृषि संकट, खाद की कालाबाजारी, सिंचाई के लिए पानी की कमी और बिजली कटौती के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। हरे झंडे और तख्तियां लेकर पहुंचे सैकड़ों किसानों ने नारेबाजी करते हुए तहसील परिसर तक मार्च निकाला और नवागत एसडीएम शिखा शंखवार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
किसानों ने बताया कि क्षेत्र में कमजोर मानसून के कारण खरीफ फसलों की बुवाई प्रभावित हो रही है। इसके बावजूद नहरों में पर्याप्त पानी नहीं छोड़ा जा रहा है, जिससे खेती संकट में है। साथ ही बाजार में डीएपी खाद की कालाबाजारी होने और निर्धारित मूल्य से अधिक दाम वसूले जाने का भी आरोप लगाया गया।
सिंचाई, खाद और बिजली को लेकर उठाई मांग
ज्ञापन में किसानों ने मांग की कि सिंचाई के लिए नहरों में पर्याप्त पानी छोड़ा जाए, डीएपी सहित अन्य उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। किसानों का कहना था कि कृषि फीडरों पर प्रतिदिन केवल 6 से 8 घंटे ही बिजली मिल रही है, जिससे सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि रात में लगातार बिजली कटौती के कारण पशु चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
आवारा गोवंश और जर्जर सड़क पर भी जताई चिंता
भाकियू कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन में सड़कों पर घूम रहे आवारा गोवंश से हो रही दुर्घटनाओं पर भी चिंता व्यक्त करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा बारा-लालापुर मार्ग की बदहाल स्थिति, सड़क किनारे उगी झाड़ियों और अनुरक्षण में कथित लापरवाही की जांच कराने की भी मांग उठाई गई।
समाधान नहीं हुआ तो होगा बड़ा आंदोलन
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो बारा तहसील का घेराव कर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसान अब अपनी समस्याओं को लेकर चुप नहीं बैठेगा।
एसडीएम ने कार्रवाई का दिया आश्वासन
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद एसडीएम शिखा शंखवार ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने बताया कि नहर एवं विद्युत विभाग को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र भेजे जाएंगे। साथ ही खाद की कालाबाजारी की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:

Prayagraj, Ouuta Pradesh
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।