बारा में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन


छात्रों पर लाठीचार्ज की निंदा करते हुए अधिवक्ताओं ने निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और घायल छात्रों को मुआवजा देने की मांग उठाई।

प्रयागराज। जनपद के यमुनानगर स्थित बारा तहसील में दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में अधिवक्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। बार एसोसिएशन बारा के बैनर तले अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में एकत्र होकर पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा की तथा राष्ट्रपति के नाम उपजिलाधिकारी (एसडीएम) शिखा शंखवार को ज्ञापन सौंपा।

अधिवक्ताओं ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों के विरुद्ध है। उन्होंने दोषी अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, घायल छात्रों को उचित मुआवजा देने तथा पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय एवं स्वतंत्र जांच कराने की मांग की।

लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की उठाई मांग

अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने और विरोध प्रदर्शन करने का अधिकार देता है। ऐसे में छात्रों पर लाठीचार्ज करना लोकतंत्र की भावना के विपरीत है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और छात्रों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने पर भी जोर दिया।

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री तक भेजने की मांग

ज्ञापन के माध्यम से अधिवक्ताओं ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में शांतिपूर्ण प्रदर्शनों के दौरान बल प्रयोग रोकने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि ज्ञापन को तत्काल राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री तक भेजकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

एसडीएम ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

उपजिलाधिकारी शिखा शंखवार ने अधिवक्ताओं से ज्ञापन प्राप्त कर उसे शासन स्तर पर अग्रेषित करने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगें रखीं।

इस अवसर पर बार एसोसिएशन बारा के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार यादव, अभिषेक कुमार पांडे, ऋषभ मिश्रा, विजेंद्र पांडे, प्रदीप मिश्रा, बबलू मिश्रा, अजय कुमार त्रिपाठी, जावेद खां सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *