प्रयागराज में राज्य महिला आयोग की जनसुनवाई, 26 शिकायतों पर कार्रवाई के निर्देश


महिला आयोग की सदस्या गीता विश्वकर्मा ने पीड़ित महिलाओं की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या गीता विश्वकर्मा ने बुधवार को सर्किट हाउस सभागार में महिला जनसुनवाई आयोजित कर पीड़ित महिलाओं की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आई 26 से अधिक महिलाओं ने अपनी शिकायतें आयोग के समक्ष रखीं। सदस्या ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि छोटे-मोटे मामलों का समाधान थाने स्तर पर ही किया जाए, ताकि पीड़ित महिलाओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य महिला आयोग का उद्देश्य केवल शिकायतों का निस्तारण करना नहीं, बल्कि महिलाओं को न्याय, सुरक्षा और सम्मान दिलाना भी है।

महिलाओं के सशक्तिकरण पर दिया जोर

जनसुनवाई के दौरान गीता विश्वकर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं एवं बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा और स्वावलंबन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि जब महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आत्मनिर्भर बनने के अवसर मिलेंगे, तभी समाज और प्रदेश का समग्र विकास संभव होगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र महिला एवं बालिका तक पहुंचाया जाए।

प्रमुख मामलों में जांच के निर्देश

जनसुनवाई में आए विभिन्न मामलों पर महिला आयोग की सदस्या ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

  • अम्बेरानी केसरवानी की भूमि पर कथित अवैध कब्जे की शिकायत पर एसडीएम करछना को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
  • ईशिता सिंह द्वारा पति के परिवार पर मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न तथा पति की गुमशुदगी के मामले में थानाध्यक्ष नैनी को तत्काल कार्रवाई कर रिपोर्ट देने को कहा।
  • मीरा पाण्डेय की शिकायत पर थानाध्यक्ष धूमनगंज को एक सप्ताह में जांच पूरी कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
  • रामराजी दुबे की मकान पर कथित अवैध कब्जे और जान से मारने की धमकी की शिकायत पर थानाध्यक्ष फूलपुर को एक सप्ताह में जांच कर कार्रवाई करने को कहा।
  • शशी जुनेजा द्वारा अपार्टमेंट की छत पर कथित अवैध कब्जे की शिकायत पर एसीपी कर्नलगंज को एक सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

समयबद्ध कार्रवाई के दिए निर्देश

महिला आयोग की सदस्या ने कहा कि महिलाओं से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने में संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए।

जनसुनवाई के दौरान अपर नगर मजिस्ट्रेट, जिला प्रोबेशन अधिकारी सर्वजीत सिंह, पुलिस विभाग के अधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *