भीलवाड़ा में पेपर लीक और छात्र आंदोलन पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन


विभिन्न संगठनों ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, परीक्षा सुधार और छात्रों पर कार्रवाई वापस लेने की मांग उठाई।

भीलवाड़ा। भीलवाड़ा में पेपर लीक और छात्र आंदोलन पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन करते हुए शुक्रवार को भीम आर्मी भारत एकता मिशन, संविधान बचाओ संघर्ष समिति, आजाद समाज पार्टी और डॉ. अम्बेडकर विचार मंच के संयुक्त तत्वावधान में जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद संगठनों के प्रतिनिधियों ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर, भीलवाड़ा को ज्ञापन सौंपकर शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं।

संगठनों का कहना था कि देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, भर्ती एवं प्रवेश परीक्षाओं में अनियमितताओं तथा छात्र आंदोलनों के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई ने विद्यार्थियों के बीच असंतोष पैदा किया है। उन्होंने इन मुद्दों पर प्रभावी और पारदर्शी कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया।

ज्ञापन में उठाई गईं प्रमुख मांगें

राष्ट्रपति के नाम सौंपे गए ज्ञापन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग के साथ ही पेपर लीक मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की गई। इसके अलावा छात्र आंदोलनों के दौरान छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेने, पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराने तथा राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) सहित परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई।

संगठनों ने यह भी मांग की कि सभी भर्ती एवं प्रवेश परीक्षाओं का आवेदन शुल्क समाप्त किया जाए, समयबद्ध भर्ती कैलेंडर जारी किया जाए तथा परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार लागू किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों का विश्वास बहाल हो सके।

मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन की चेतावनी

प्रदर्शन के दौरान संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर राज्य स्तरीय प्रदर्शन, जेल भरो आंदोलन और लोकतांत्रिक तरीके से भारत बंद जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

ज्ञापन सौंपने के दौरान भीम आर्मी भारत एकता मिशन के जिला संयोजक पंकज डीडवानिया, आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष हीरालाल बैरवा, समाजसेवी मोतीलाल सिंघानिया, प्रदेश सचिव सुरेश मेघवंशी, रामेश्वर मेघवंशी, भीम आर्मी जिला उपाध्यक्ष दुर्गालाल बैरवा, मंजू रेगर, ओमप्रकाश रेगर, मनोहरलाल बैरवा, शंकरलाल मेघवंशी, सीताराम रेगर, मेघराज पेंटर, सुरेश घुसर, महेन्द्र मेघवंशी, राजू पहाड़िया सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया और छात्रों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने सरकार से इस दिशा में ठोस और प्रभावी कदम उठाने की मांग दोहराई।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *