भीलवाड़ा में नीट सफल विद्यार्थियों से सांसद दामोदर अग्रवाल का संवाद, सुनी समस्याएं


सांसद जन संवाद केंद्र में विद्यार्थियों ने परीक्षा केंद्रों की सुविधाओं, चुनौतियों और सुधार के सुझाव साझा किए, सांसद ने पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था का भरोसा दिया।

भीलवाड़ा। नीट में सफल विद्यार्थियों से सांसद दामोदर अग्रवाल का संवाद कार्यक्रम सांसद जन संवाद केंद्र पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नीट परीक्षा में सफल विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी परीक्षा से जुड़ी चुनौतियों, अनुभवों और सुझावों को जानना था। करीब एक घंटे तक चले इस संवाद में विद्यार्थियों ने परीक्षा के दौरान आने वाली कठिनाइयों, परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं और भविष्य से जुड़े अपने विचार खुलकर साझा किए।

सांसद प्रवक्ता विनोद झुरानी ने बताया कि सांसद दामोदर अग्रवाल ने विद्यार्थियों का अभिनंदन करते हुए उनसे परीक्षा की तैयारी, परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। विद्यार्थियों ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर बिजली, आवागमन, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं बेहतर होना उनके प्रदर्शन के लिए अत्यंत आवश्यक है। उनका कहना था कि परीक्षा के दौरान सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने से अभ्यर्थियों को सकारात्मक वातावरण मिलता है।

विद्यार्थियों ने साझा किए अनुभव

संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने कहा कि परीक्षा रद्द होने के बाद कम समय में दोबारा परीक्षा आयोजित कर लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य को सुरक्षित किया गया, जिससे डॉक्टर बनने का उनका सपना आगे बढ़ सका। विद्यार्थियों ने परीक्षा प्रक्रिया को और अधिक सुविधाजनक तथा पारदर्शी बनाने के लिए भी अपने सुझाव दिए।

छात्रों की समस्याएं सुनना भी जिम्मेदारी: सांसद

सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि केंद्र सरकार छात्रों और अभिभावकों की समस्याओं के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याएं सुनना भी जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है।

उन्होंने प्रधानमंत्री के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि भविष्य में परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो, इसके लिए सख्त कानून बनाए जा रहे हैं। दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जा रही है और छात्रों के हित सर्वोच्च प्राथमिकता में हैं।

शिक्षाविदों और विद्यार्थियों की रही सहभागिता

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, पूर्व जिलाध्यक्ष लादूलाल तेली, भाजपा नेता राकेश कसारा, शिक्षा विशेषज्ञ अतुल बापना, एलन इंस्टीट्यूट के प्रभारी शक्ति सिंह, राहुल कोठारी सहित विभिन्न कोचिंग संस्थानों के शिक्षक उपस्थित रहे।

इसके अलावा वात्सल्य महेश्वरी, उज्जवल सेन, सानिया अंसारी, कनिष्का कुमावत, ऋद्धिका जैन, वंदना साहू, वेदिका अजमेरा, स्वस्तिका बैरवा, युवराज तेली, सृष्टि आर्य, अंकित खटिक और राजेश तेली सहित अनेक नीट परीक्षा में सफल छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में भाग लेकर अपने अनुभव और सुझाव साझा किए।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *