शंकरगढ़ सीएचसी में श्रीराम प्रेरणा कैंटीन शुरू, मरीजों को मिलेगा सस्ता भोजन


उपायुक्त शमा सिंह ने किया उद्घाटन, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को मिलेगा रोजगार और मरीजों को अस्पताल परिसर में गुणवत्तापूर्ण भोजन।

प्रयागराज। शंकरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में शनिवार को “श्रीराम प्रेरणा कैंटीन” का शुभारंभ किया गया। महिला सशक्तिकरण और मरीजों तथा उनके तीमारदारों को स्वच्छ एवं सस्ता भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई इस कैंटीन का उद्घाटन उपायुक्त एनआरएलएम शमा सिंह ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर सीएचसी अधीक्षक डॉ. अजीत सिंह एवं खंड विकास अधिकारी शंकरगढ़ सुनील कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त शमा सिंह ने कहा कि सरकार का उद्देश्य स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को स्वच्छ, पौष्टिक और सस्ता भोजन उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाओं को रोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना भी इस पहल का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। उन्होंने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को मिलेगा रोजगार

खंड विकास अधिकारी सुनील कुमार ने कहा कि प्रेरणा कैंटीन के संचालन से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ब्लॉक प्रशासन की ओर से कैंटीन के सफल संचालन के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा, ताकि मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जा सके।

मरीजों और तीमारदारों को मिलेगी राहत

सीएचसी अधीक्षक डॉ. अजीत सिंह ने कहा कि प्रेरणा कैंटीन शुरू होने से मरीजों और उनके तीमारदारों को काफी सुविधा मिलेगी। अब उन्हें भोजन के लिए अस्पताल परिसर से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि कैंटीन में साफ-सफाई, गुणवत्ता और पौष्टिक भोजन की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

प्रदेशभर में संचालित हो रही हैं प्रेरणा कैंटीन

कैंटीन का संचालन क्षेत्र की स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाओं द्वारा किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि प्रयागराज जिले में 20 तथा उत्तर प्रदेश के 832 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रेरणा कैंटीन संचालित किए जाने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। इसका उद्देश्य मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना है।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, सीएचसी स्टाफ, ब्लॉक कर्मी तथा बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *