10वें प्रतिभा सम्मान समारोह में शिक्षा और खेल क्षेत्र की 15 प्रतिभाओं का सम्मान, जरूरतमंद विद्यार्थियों को निःशुल्क स्टेशनरी देकर बढ़ाया उत्साह।
भीलवाड़ा। डॉ. अम्बेडकर मित्र परिषद की ओर से खटीक समाज के विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 10वां निःशुल्क स्टेशनरी वितरण एवं प्रतिभा सम्मान समारोह रविवार को राधा कृष्ण मंदिर, खटीक समाज परिसर में आयोजित किया गया। समारोह में शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली समाज की प्रतिभाओं का सम्मान किया गया, वहीं आर्थिक रूप से जरूरतमंद विद्यार्थियों को निःशुल्क स्टेशनरी किट वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम में 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 15 खिलाड़ियों एवं प्रतिभाओं का भी विशेष अभिनंदन किया गया। उपस्थित अतिथियों ने इन उपलब्धियों को समाज के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
55 विद्यार्थियों को मिली निःशुल्क स्टेशनरी किट
परिषद की ओर से इस वर्ष 55 जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को निःशुल्क स्टेशनरी किट वितरित की गई। परिषद पदाधिकारियों ने कहा कि आर्थिक अभाव किसी भी विद्यार्थी की शिक्षा में बाधा नहीं बनना चाहिए। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
शिक्षा और खेल को बताया समाज की प्रगति का आधार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा और खेल किसी भी समाज की प्रगति के मजबूत आधार हैं। डॉ. अम्बेडकर मित्र परिषद पिछले एक दशक से लगातार मेधावी एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को सम्मानित और सहयोग प्रदान कर रही है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें जीवन में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं।
समाजजनों की रही सक्रिय सहभागिता
समारोह में परिषद के अध्यक्ष महावीर खोईवाल, रणजीत खोईवाल, सचिव विनोद पटेल, कोषाध्यक्ष राजकुमार खोईवाल, गोविंद खोईवाल, राजू खोईवाल, सुनील चावला, जसवंत खोईवाल, परमेश्वर खोईवाल, राधेश्याम चंदेल, जगदीश खोईवाल, सुनील सोलंकी तथा खटीक समाज महिला शक्ति संगठन की अनीता पहाड़िया सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक, भामाशाह और वरिष्ठजन उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम के अंत में परिषद पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों, भामाशाहों, सहयोगकर्ताओं एवं समाजजनों का आभार व्यक्त किया। समारोह सामाजिक एकता, शिक्षा के प्रति जागरूकता और प्रतिभाओं के सम्मान का प्रेरक उदाहरण बनकर संपन्न हुआ।
यह भी पढ़ें:
Bhilwara, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।