शहीद स्मारक पर माल्यार्पण, दो मिनट का मौन रखकर वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान को किया नमन।
नैनीताल। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर सरोवर नगरी नैनीताल सहित पूरे उत्तराखंड में वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शहीद स्मारक पहुंचकर वीर शहीदों के चित्रों पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण किया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कारगिल युद्ध के अमर वीरों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति सदैव समर्पित रहने का भी संकल्प लिया गया।
शहीदों का बलिदान सदैव प्रेरणा देता रहेगा : एसएसपी
इस अवसर पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि कारगिल युद्ध में भारतीय सैनिकों ने अद्वितीय साहस, राष्ट्रभक्ति और वीरता का परिचय देते हुए देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका पराक्रम और त्याग सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।
उन्होंने कहा कि “मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों का राष्ट्र सदैव ऋणी रहेगा। उनका त्याग और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।”
राष्ट्रभक्ति का दिया संदेश
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक सैन्य विजय का प्रतीक नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देश के प्रति समर्पण का भी संदेश देता है। इस अवसर पर सभी ने शहीदों के बलिदान को सदैव स्मरण रखने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानने का संकल्प दोहराया।
यह भी पढ़ें:

नैनीताल, उत्तराखंड
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।