बौंली में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने मनाई डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि


भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम को श्रद्धांजलि अर्पित कर कार्यकर्ताओं ने उनके आदर्शों पर चलने और राष्ट्रसेवा का संकल्प लिया।

बौंली। भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा, बौंली मंडल द्वारा भारत के पूर्व राष्ट्रपति, प्रख्यात वैज्ञानिक एवं ‘मिसाइल मैन’ भारत रत्न डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. कलाम के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों को स्मरण किया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा राजस्थान के प्रदेश प्रशिक्षण सह-प्रभारी अंसार खलीफा ने कहा कि डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, विज्ञान, शिक्षा, सादगी और ईमानदारी का प्रतीक रहा है। उन्होंने देश को वैज्ञानिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया तथा भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उनका जीवन प्रत्येक भारतीय, विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

युवाओं को बड़े सपने देखने की प्रेरणा दी

अंसार खलीफा ने कहा कि डॉ. कलाम हमेशा युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए कड़ी मेहनत करने की प्रेरणा देते थे। उनका मानना था कि विकसित भारत का निर्माण युवाओं की ऊर्जा, ज्ञान और सकारात्मक सोच से ही संभव है। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं से डॉ. कलाम के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और समाज की प्रगति में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

श्रद्धांजलि अर्पित कर लिया संकल्प

कार्यक्रम में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा मंडल अध्यक्ष इसराइल शाह, फारूक, आर्यन खान, मोहम्मद अनस, शकील अहमद, इमामुद्दीन सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने भारत रत्न डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का समापन “भारत माता की जय” एवं “वंदे मातरम्” के उद्घोष के साथ हुआ।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *