नदबई ज्वेलर योगेंद्र हत्याकांड में तीन आरोपियों के खिलाफ चालान पेश, शूटर अभी फरार


योगेंद्र चौपड़ा हत्याकांड में नदबई पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ एसीजेएम कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल किया, मुख्य शूटर की तलाश जारी।

नदबई। नदबई के बहुचर्चित ज्वेलर योगेंद्र चौपड़ा हत्याकांड और लूट मामले में पुलिस ने कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए तीन आरोपियों के खिलाफ एसीजेएम कोर्ट में आरोप पत्र (चालान) पेश कर दिया है। अभियोजन अधिकारी के अनुसार नदबई पुलिस ने जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में चालान दाखिल किया है, जबकि वारदात को अंजाम देने वाला मुख्य शूटर और उसका साथी अभी भी फरार चल रहे हैं।

पुलिस द्वारा पेश किए गए आरोप पत्र में नितिन निवासी नेवाड़ा (हलेना), राजकुमार निवासी नगला डिप्टी (लखनपुर) और श्यामवीर निवासी रंजीतपुरा (आगरा) को आरोपी बनाया गया है। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

स्कूटी से घर जाते समय हुई थी वारदात

गौरतलब है कि 25 मार्च की शाम करीब 7 बजे ज्वेलर योगेंद्र चौपड़ा नगर तिराहे स्थित अपनी दुकान चौपड़ा ज्वैलर्स बंद कर स्कूटी से घर जा रहे थे। उनके पास सोने-चांदी के जेवरात और नकदी से भरे दो बैग थे।

जैसे ही वह पंजाबी कॉलोनी में पार्षद के घर के पास पहुंचे, तभी पीछा करते हुए आए बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने पहले उनके साथ मारपीट की और जेवरात से भरे बैग छीनने का प्रयास किया।

विरोध करने पर मारी थी गोली

पुलिस जांच के अनुसार, जब योगेंद्र चौपड़ा ने बदमाशों का विरोध किया तो आरोपियों ने उनके गले में गोली मार दी और जेवरात से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल योगेंद्र की मौत के बाद पूरे नदबई कस्बे में आक्रोश फैल गया था।

घटना के विरोध में व्यापारियों और सर्व समाज के लोगों ने लगातार धरना-प्रदर्शन कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग उठाई थी।

मुख्य शूटर और साथी की तलाश जारी

मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था और अब उनके खिलाफ न्यायालय में चालान पेश किया गया है। हालांकि हत्याकांड का मुख्य शूटर और उसका साथी अभी भी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *