मूंड़िया पूर्णिमा मेले के अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रीनाथजी मंदिर में पूजा कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की और श्रद्धालुओं को जल सेवा व प्रसादी वितरित की।
डीग। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पूंछरी का लौठा पहुंचे और मूंड़िया पूर्णिमा (गुरु पूर्णिमा) मेले के पावन अवसर पर श्रीनाथजी मंदिर में सपत्नीक विधिवत पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीनाथजी के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री के आगमन से प्रसिद्ध तीर्थ स्थल पूंछरी का लौठा और गोवर्धन परिक्रमा मार्ग भक्तिमय वातावरण में बदल गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सप्तकोसी गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर पहुंचकर श्रद्धालुओं से आत्मीय मुलाकात की और उनका अभिवादन स्वीकार किया।
श्रद्धालुओं को दी जल सेवा और बांटी प्रसादी
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सेवा भावना का परिचय देते हुए स्वयं प्याऊ स्थल पर पहुंचकर श्रद्धालुओं को शीतल जल वितरित किया। इसके साथ ही उन्होंने भंडारे में पहुंचकर श्रद्धालुओं को प्रसादी भी बांटी।
मुख्यमंत्री ने गोवर्धन परिक्रमा कर रहे पदयात्रियों पर पुष्प वर्षा कर उनका उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
जयकारों से गूंजा पूंछरी का लौठा
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान पूरा क्षेत्र ‘गिरिराज महाराज की जय’ और ‘राधे-राधे’ के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।
मूंड़िया पूर्णिमा मेले के दौरान मुख्यमंत्री की ओर से श्रद्धालुओं के लिए जल सेवा और प्रसादी वितरण की परंपरा हर वर्ष देखने को मिलती है। इसी क्रम में इस बार भी उन्होंने सेवा कार्य में सहभागिता निभाई।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, राजस्थान धरोहर प्राधिकरण अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, विधायक डॉ. शैलेश सिंह सहित जिले के जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:

Bharatpur, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।