विद्यार्थियों ने गुरुजनों का पूजन एवं सम्मान कर भारतीय संस्कृति के आदर्शों को अपनाने का लिया संकल्प।
गंगापुर सिटी। मुख्य डाकघर के पीछे स्थित अरिहंत उच्च माध्यमिक विद्या मंदिर में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, आस्था एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों का पूजन एवं सम्मान कर भारतीय संस्कृति की गौरवशाली गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य जगदीश प्रसाद जैन के प्रेरणादायी उद्बोधन से हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को गुरु के महत्व, गुरु-शिष्य परंपरा की महानता तथा जीवन में गुरु के मार्गदर्शन की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु ही वह शक्ति हैं, जो ज्ञान, संस्कार और चरित्र निर्माण का मार्ग प्रशस्त करते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया।
गुरु का सम्मान ही सच्ची गुरु दक्षिणा : सारांश जैन
विद्यालय के शिक्षक सारांश जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि गुरु का सम्मान करना, उनकी आज्ञा का पालन करना तथा उनके आदर्शों को जीवन में उतारना ही सच्ची गुरु दक्षिणा है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, संस्कार और निरंतर परिश्रम के माध्यम से जीवन में सफलता प्राप्त करने का आह्वान किया।
विद्यार्थियों ने किया गुरुजनों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के सभी विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के चरणों में पुष्प अर्पित कर एवं माल्यार्पण कर उनका सम्मान किया। श्रद्धा एवं समर्पण भाव से शिक्षकों का पूजन-अर्चन करते हुए विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति के मूल्यों को अपनाने तथा गुरुजनों के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
पूरे विद्यालय परिसर में श्रद्धा, सम्मान और संस्कार का वातावरण बना रहा। विद्यार्थियों ने गुरु पूर्णिमा के महत्व को समझते हुए अपने जीवन में नैतिक मूल्यों को अपनाने का संदेश भी दिया।
संस्कार और शिक्षा का दिया संदेश
विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को नैतिक शिक्षा, अनुशासन, संस्कार और उत्कृष्ट चरित्र निर्माण का महत्व बताते हुए उन्हें राष्ट्र और समाज का आदर्श नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर सारांश जैन, शैलेन्द्र कुमार जाटव, योगेश गुप्ता, भानु सोनी, योगिता माली, प्रियंका माली, पूजा वर्मा, राजकुमार प्रजापत एवं विष्णु शर्मा सहित विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता, सम्मान एवं समर्पण व्यक्त करते हुए राष्ट्र एवं समाज की सेवा का संकल्प लेने के साथ हुआ।
यह भी पढ़ें:

Gangapur City, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।