गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने और संरक्षण की मांग को लेकर जिलेभर में चलाए गए अभियान का दूसरा चरण हुआ पूरा।
गंगापुर सिटी। गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत गंगापुर सिटी के गोसेवकों ने 71 हजार हस्ताक्षरों के साथ सोमवार को जिला कलेक्टर कार्यालय, सवाई माधोपुर पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। अभियान के दूसरे चरण के समापन अवसर पर हजारों की संख्या में गौभक्त एवं श्रद्धालु शामिल हुए और गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने, गौहत्या पर रोक लगाने तथा गौ संरक्षण के लिए प्रभावी कानून बनाने की मांग उठाई।
अभियान के जिला प्रचारक एवं संयोजक गोविंद नारायण शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत जिलेभर से हस्ताक्षर एकत्र किए गए थे। इसमें नगर परिषद क्षेत्र गंगापुर सिटी से 71 हजार हस्ताक्षरों का विशेष सहयोग मिला। इन हस्ताक्षरित प्रपत्रों को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री को भेजा जाएगा।
विजय सर ट्रस्ट से शुरू हुई शोभायात्रा
ज्ञापन कार्यक्रम से पहले गंगापुर सिटी स्थित विजय सर ट्रस्ट, बजरिया में सुबह 7 बजे श्रद्धालु एकत्रित हुए। यहां भगवान श्रीराम एवं भगवान श्रीकृष्ण के नाम का हरे राम-हरे कृष्ण संकीर्तन किया गया। इसके बाद संतों के आशीर्वचन एवं गौ माता के पूजन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
इसके बाद सुबह 9:15 बजे शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में गौ माता को सबसे अग्रिम स्थान दिया गया। छोटे-छोटे बाल गोपालों की झांकियां, संत समाज तथा हस्ताक्षरित पोथियों को मस्तक पर रखकर चल रहे श्रद्धालु आकर्षण का केंद्र रहे। महिला, पुरुष और युवा संकीर्तन करते हुए जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे।
790 जिलों में एक साथ दिया गया ज्ञापन
गोविंद नारायण शर्मा ने बताया कि गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत देशभर के 790 जिलों में एक ही दिन और एक ही समय पर ज्ञापन सौंपे गए। अभियान का उद्देश्य गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने, गौहत्या रोकने और गौ संरक्षण के विषय को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाना है।
व्यापारियों ने भी दिया अभियान को समर्थन
इस अभियान में जिले के व्यापारियों ने भी सहयोग प्रदान किया। कई व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर शोभायात्रा और ज्ञापन कार्यक्रम में सहभागिता की तथा गौ संरक्षण के समर्थन में अपनी भागीदारी निभाई।
सैकड़ों गौभक्त रहे मौजूद
कार्यक्रम में गौ सम्मान आह्वान अभियान के प्रभारी नागेंद्र मोहन गर्ग, बहादुर सिंह गुर्जर, राधा वल्लभ जी, राजेंद्र नरूका, जितेंद्र सिंधी, शंभू अग्रवाल, पदमा गुप्ता, पूनम जगवानी, प्रियंका शर्मा, राधा दीक्षित सहित सैकड़ों गौभक्त उपस्थित रहे।
सभी श्रद्धालुओं ने गौ संरक्षण और गौ सम्मान के लिए जनजागरूकता अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
यह भी पढ़ें:

Gangapur City, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।