जिला व्यापार बन्धु समिति की बैठक में जाम, अतिक्रमण, पार्किंग, सफाई और अन्य समस्याओं पर विभागों को कार्रवाई के निर्देश।
प्रयागराज। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को संगम सभागार में जिला व्यापार बन्धु समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न व्यापार मंडलों के प्रतिनिधि, व्यापारीगण एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान व्यापारियों की समस्याओं और उनके समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने व्यापारियों द्वारा उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि व्यापारियों की समस्याओं का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि व्यापारिक गतिविधियों को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर बनाई जाएं।
जाम, पार्किंग और अतिक्रमण पर दिए निर्देश
बैठक में व्यापारियों ने शहर में बढ़ते ट्रैफिक जाम, साफ-सफाई व्यवस्था, पार्किंग की समस्या तथा दुकानों के सामने अवैध अतिक्रमण हटाने सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने, स्वच्छता बनाए रखने और आमजन एवं व्यापारियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
मेडिकल वेस्ट निस्तारण को लेकर नगर निगम को निर्देश
बैठक में द्विवेदी हॉस्पिटल-म्योर रोड ट्रैफिक चौराहा की संचालिका ने बताया कि अस्पताल से निकलने वाले मेडिकल वेस्ट को हटाने के लिए निर्धारित शुल्क जमा करने के बावजूद नगर निगम की गाड़ियां नियमित रूप से नहीं आती हैं, जिससे समस्या उत्पन्न होती है।
इस पर जिलाधिकारी ने नगर निगम को निर्देश दिए कि सभी अस्पतालों से मेडिकल वेस्ट उठाने के लिए नियमित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और प्रतिदिन कचरे का निस्तारण कराया जाए।
शराब की दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने के निर्देश
व्यापारियों ने मुण्डेरा चुंगी स्थित ठंडी बीयर और अंग्रेजी शराब की दुकान को अन्य स्थान पर शिफ्ट करने का अनुरोध किया। व्यापारियों का कहना था कि दुकान के पीछे शराब पीने वालों के कारण विवाद और मारपीट की स्थिति बनती रहती है।
जिलाधिकारी ने आबकारी विभाग एवं नगर निगम को आपसी समन्वय बनाकर उक्त दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सोरांव क्षेत्र की समस्याओं के समाधान पर जोर
बैठक में तहसील सोरांव से संबंधित व्यापारियों की शिकायतों पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी सोरांव एवं एसीपी सोरांव को व्यापारियों के साथ बैठक कर समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए।
वहीं, पेयजल योजना के तहत कराए गए कार्यों की अपूर्णता की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जल निगम को कार्य शीघ्र पूरा कराने एवं समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
हाईवे और बिजली व्यवस्था सुधारने के निर्देश
जिलाधिकारी ने नेशनल हाईवे पर अनाधिकृत रूप से बनाए गए कट को तत्काल बंद कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि दोबारा कोई अवैध कट बनाया जाता है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए।
उन्होंने सभी नेशनल हाईवे की खराब लाइटों को तत्काल ठीक कराकर चालू रखने के निर्देश दिए, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इसके अलावा इलाहाबाद-प्रतापगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर लेहरा मोड़ के पास खुले नाले के गड्ढे को तत्काल ठीक कराने के निर्देश भी दिए गए।
विद्युत और यातायात समस्याओं पर भी हुई चर्चा
व्यापारियों द्वारा चौक क्षेत्र के कई मोहल्लों में जर्जर विद्युत तारों और लटकते तारों की शिकायत की गई। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को तत्काल सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए।
वहीं सिविल लाइंस और पत्रिका चौराहे पर जाम की समस्या को लेकर भी संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और सभी विभाग समयबद्ध तरीके से कार्रवाई सुनिश्चित करें।
यह भी पढ़ें:

Prayagraj, Ouuta Pradesh
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।