एसएमपीएस प्राइमरी विंग में गुरु पूर्णिमा पर गुरु-शिष्य परंपरा का भव्य उत्सव


विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, शिक्षकों एवं मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान कर गुरु परंपरा का संदेश दिया गया।

भीलवाड़ा। श्री महेश सेवा समिति द्वारा संचालित श्री महेश पब्लिक स्कूल (एसएमपीएस), प्राइमरी विंग में बुधवार को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन समारोह श्रद्धा, सम्मान और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा का महत्व प्रस्तुत किया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान किया गया।

विद्यालय प्रभारी एवं श्री महेश सेवा समिति के निर्देशक दिनेश शारदा ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत विकास परिषद, सुभाष शाखा के अध्यक्ष पंकज लोहिया थे। कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश नराणीवाल, सचिव राजेन्द्र कुमार कचौलिया, कोषाध्यक्ष राजेश बाहेती सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का पारंपरिक रूप से अक्षत, रोली एवं अपर्णा ओढ़ाकर स्वागत किया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने गुरु पूर्णिमा की महत्ता पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए तथा गुरु वंदना पर आधारित गीत और मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

विद्यालय के मेधावी एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावक भी उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम का उत्साह और बढ़ गया।

गुरु का स्थान जीवन में सर्वोच्च : निधि झा भार्गव

विद्यालय की प्रधानाचार्या निधि झा भार्गव ने गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु का स्थान जीवन में सर्वोच्च होता है। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा भारतीय संस्कृति की गुरु-शिष्य परंपरा को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है तथा प्रत्येक विद्यार्थी को अपने गुरुजनों के आदर्शों का अनुसरण करना चाहिए।

मुख्य अतिथि पंकज लोहिया एवं परिषद के पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें शिक्षा, संस्कार और अनुशासन के साथ जीवन में निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

गुरुजनों का किया सम्मान

समारोह को संबोधित करते हुए राजेन्द्र कुमार कचौलिया, राजेश बाहेती एवं दिनेश शारदा ने गुरुजनों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों से परिवार, विद्यालय और राष्ट्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के समापन पर भारत विकास परिषद के सदस्यों ने सामाजिक नियमों एवं नागरिक कर्तव्यों के पालन की शपथ दिलाई। साथ ही विद्यालय की प्रधानाचार्या एवं शिक्षकों का अपर्णा ओढ़ाकर सम्मान किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *