जयपुर में GPS निरीक्षण में 80 से अधिक मदरसा शिक्षा अनुदेशक अनुपस्थित


विद्यार्थियों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष निरीक्षण अभियान, नियमित उपस्थिति और समयपालन पर प्रशासन ने दिखाई सख्ती।

जयपुर। जयपुर में GPS निरीक्षण के दौरान 80 से अधिक मदरसा शिक्षा अनुदेशक अनुपस्थित पाए गए। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अभिषेक सिद्ध के निर्देशन में शुक्रवार को जिले के सभी मदरसों में विद्यार्थियों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष जीपीएस आधारित निरीक्षण अभियान चलाया गया।

अभियान के तहत सभी मदरसों को निर्धारित समय सीमा में विद्यार्थियों एवं शिक्षा अनुदेशकों की उपस्थिति दर्शाते हुए दिनांक, समय और जीपीएस लोकेशन युक्त फोटो उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे। निरीक्षण के दौरान 80 से अधिक शिक्षा अनुदेशक निर्धारित समय में जीपीएस फोटो प्रस्तुत नहीं कर सके, जिन्हें नियमानुसार अनुपस्थित माना गया।

विद्यार्थियों के भविष्य से समझौता नहीं करने का संदेश

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अभिषेक सिद्ध ने कहा कि यह कार्रवाई केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के भविष्य के प्रति जिम्मेदारी का संदेश है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन मदरसों में आने वाले विद्यार्थी अपने शिक्षकों से ज्ञान, मार्गदर्शन और प्रेरणा की अपेक्षा रखते हैं। यदि शिक्षक समय पर उपस्थित नहीं होता तो केवल एक कक्षा नहीं छूटती, बल्कि बच्चों की जिज्ञासाओं, आत्मविश्वास और भविष्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

शिक्षकों से आत्मचिंतन और जिम्मेदारी निभाने की अपील

अभिषेक सिद्ध ने शिक्षा अनुदेशकों से अपने दायित्वों के प्रति आत्मचिंतन करने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षक केवल कर्मचारी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की आधारशिला होते हैं। उनकी नियमित उपस्थिति विद्यार्थियों के ज्ञान, संस्कार और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखती है।

उन्होंने सभी शिक्षा अनुदेशकों को समयपालन, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ नियमित शिक्षण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, “बच्चे आपकी प्रतीक्षा केवल इसलिए नहीं करते कि आप उन्हें पढ़ाएँगे, बल्कि इसलिए भी कि उन्हें विश्वास होता है कि उनका शिक्षक अवश्य आएगा। उस विश्वास को कभी टूटने मत दीजिए।”

निरीक्षण अभियान रहेगा लगातार जारी

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने स्पष्ट किया कि मदरसों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए जीपीएस आधारित निरीक्षण अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेगा। इसका उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को उसके सीखने के अधिकार के अनुरूप नियमित, अनुशासित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *