संगम समूह के एक लाख पौधों के अभियान में बढ़ी जनभागीदारी, एएसपी ने किया वितरण


अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य ने पौधों और ट्री गार्ड का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण तथा वृक्षों के संरक्षण का संदेश दिया।

भीलवाड़ा। संगम समूह के एक लाख पौधों के अभियान के तहत जिले में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में चल रहे जनअभियान को लगातार व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। शनिवार को अभियान के अंतर्गत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य ने आमजन एवं विभिन्न विद्यालयों को पौधों और ट्री गार्ड का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने अधिक से अधिक पौधारोपण करने और लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण की सुंदरता ही नहीं बढ़ाते, बल्कि मानव जीवन, स्वच्छ वातावरण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने संगम समूह की इस जनहितैषी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान समाज में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

9,400 पौधे और 560 ट्री गार्ड का हुआ वितरण

संगम उद्योग समूह के वाइस चेयरमैन एस. एन. मोदानी ने बताया कि अभियान के तहत शनिवार को 9,400 पौधों तथा 560 ट्री गार्ड का वितरण आमजन एवं विभिन्न विद्यालयों में किया गया। उन्होंने बताया कि अभियान को जिलेभर में उत्साहजनक समर्थन मिल रहा है और बड़ी संख्या में लोग पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम से जुड़ रहे हैं।

पौधों के संरक्षण का भी लिया जाए संकल्प

पौधा वितरण प्रभारी बाबूलाल जाजू ने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब प्रत्येक व्यक्ति पौधे को वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी निभाए। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

2 अगस्त को होगा प्रथम चरण का समापन

ट्री गार्ड वितरण प्रभारी हिम्मत पारीक ने बताया कि जिन लोगों ने ट्री गार्ड के लिए आवेदन किए हैं, उन्हें दूरभाष के माध्यम से सूचना देकर ट्री गार्ड उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अभियान का प्रथम चरण 2 अगस्त को संपन्न होगा और आमजन से पौधारोपण के साथ उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आग्रह किया।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *