टोंक-मथुरा रोडवेज बस सेवा आज से शुरू, नदबई को मिली सीधी सुविधा


आरएसआरटीसी टोंक आगार ने जारी किए आदेश, नदबई सहित कई शहरों के यात्रियों को मिलेगा सीधा आवागमन।

नदबई। आमजन और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (आरएसआरटीसी) के टोंक आगार ने टोंक-मथुरा रोडवेज बस सेवा शुरू करने के आदेश जारी किए हैं। मुख्य प्रबंधक, टोंक आगार द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह बस 1 अगस्त 2026 से नियमित रूप से संचालित होगी। इस नई सेवा से नदबई सहित मार्ग के विभिन्न शहरों के यात्रियों को मथुरा के लिए सीधी बस सुविधा उपलब्ध होगी।

इन शहरों से होकर गुजरेगी बस

आरएसआरटीसी द्वारा जारी समय-सारिणी के अनुसार बस टोंक, जयपुर, दौसा, महुआ, नदबई, सौंख, गोवर्धनजी और मथुरा होते हुए संचालित होगी। यह सेवा विशेष रूप से धार्मिक यात्रियों, पर्यटकों तथा दैनिक आवागमन करने वाले लोगों के लिए लाभदायक साबित होगी।

टोंक से सुबह रवाना होकर दोपहर 2:30 बजे पहुंचेगी नदबई

नई बस सेवा प्रतिदिन सुबह 6:55 बजे टोंक से रवाना होगी। इसके बाद 10:20 बजे जयपुर, 12:00 बजे दौसा, 1:00 बजे महुआ पहुंचते हुए दोपहर 2:30 बजे नदबई पहुंचेगी। इसके बाद बस 3:00 बजे सौंख, 3:30 बजे गोवर्धनजी और शाम 4:00 बजे मथुरा पहुंचेगी। इस मार्ग की कुल संचालित दूरी 340 किलोमीटर निर्धारित की गई है।

वापसी में सुबह 8:30 बजे पहुंचेगी नदबई

वापसी यात्रा में बस प्रतिदिन सुबह 6:15 बजे मथुरा से रवाना होगी। यह 7:30 बजे गोवर्धनजी, 8:00 बजे सौंख होते हुए सुबह 8:30 बजे नदबई पहुंचेगी। इसके बाद 9:45 बजे महुआ, 10:45 बजे दौसा, 12:25 बजे जयपुर पहुंचने के बाद आगे निर्धारित मार्ग से होकर शाम 5:30 बजे टोंक पहुंचेगी। वापसी मार्ग की कुल संचालित दूरी 468 किलोमीटर रहेगी।

यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ

नई बस सेवा शुरू होने से नदबई और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को गोवर्धन और मथुरा जाने के लिए सीधी परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। इससे समय की बचत होने के साथ यात्रियों को बार-बार बस बदलने की परेशानी से भी राहत मिलेगी।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *