नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया, 7 अगस्त तक चलेगा पौधा एवं ट्री गार्ड वितरण अभियान।
भीलवाड़ा। शहर को हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से संगम समूह द्वारा संचालित एक लाख पौधे एवं पांच हजार ट्री गार्ड वितरण अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ बुधवार को सोनी हॉस्पिटल परिसर से किया गया। अभियान का शुभारंभ नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने पौधारोपण को आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित, स्वस्थ और स्वच्छ भविष्य का संकल्प बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
अभियान के पहले दिन 8100 पौधों एवं 430 ट्री गार्ड का वितरण किया गया। संगम समूह द्वारा संचालित यह अभियान 7 अगस्त तक लगातार चलेगा, जिसके तहत शहरवासियों, विद्यालयों, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक संस्थानों को विभिन्न प्रजातियों के पौधे एवं ट्री गार्ड निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।
पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी जरूरी: आयुक्त
मुख्य अतिथि नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी ने कहा कि पौधारोपण केवल एक औपचारिक गतिविधि नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और भविष्य की पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो भीलवाड़ा को हरित शहर बनाने का लक्ष्य शीघ्र पूरा किया जा सकता है।
उन्होंने संगम समूह के इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जनहितकारी प्रयास समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
7 अगस्त तक चलेगा वितरण अभियान
संगम समूह के वाइस चेयरमैन एस.एन. मोदानी ने बताया कि अभियान के तहत 7 अगस्त तक प्रतिदिन पौधों एवं ट्री गार्ड का वितरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल पौधे बांटना नहीं, बल्कि नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना और हरित वातावरण के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करना है।
पौधों के संरक्षण का भी लिया जाए संकल्प
पौधा वितरण प्रभारी बाबूलाल जाजू ने नागरिकों से अपील की कि वे पौधे प्राप्त करने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल का भी संकल्प लें। उन्होंने कहा कि पौधों का संरक्षण ही इस अभियान की वास्तविक सफलता होगी और इससे भीलवाड़ा को हरित एवं स्वच्छ शहर बनाने में मदद मिलेगी।
इनका रहा विशेष सहयोग
अभियान के सफल संचालन में मुकेश अजमेरा, हिम्मत पारीक, जमनालाल जोशी, गुमानसिंह पीपाड़ा एवं दाताराम वर्मा ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
संगम समूह का यह हरित अभियान शहर में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें:
Bhilwara, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।