पौधारोपण के साथ संरक्षण का संकल्प, सदस्यों ने सेवा, मानवता, सामाजिक एकता और पर्यावरण रक्षा को बनाया प्रमुख लक्ष्य।
सवाई माधोपुर। ग्राम रावल में सामाजिक संगठन भूप्रेमी परिवार की ओर से 21 सदस्यीय ग्राम स्तरीय सेवा संगठन की कार्यकारिणी का गठन किया गया। तालाब के पास स्थित माताजी मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में संगठन के संस्थापक सदस्य एडवोकेट मुकेश भूप्रेमी ने नवनियुक्त कार्यकारिणी सदस्यों को संगठन के उद्देश्यों और सेवा कार्यों के प्रति शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण के दौरान सदस्यों ने निस्वार्थ सेवा, मानवता, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षों की देखभाल, जरूरतमंदों की सहायता, सामाजिक एकता और भाईचारे के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। सदस्यों ने यह भी तय किया कि संगठन की ओर से लगाए जाने वाले पौधों को केवल लगाने तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि उन्हें गोद लेकर सुरक्षित रखने और बड़ा करने की जिम्मेदारी भी निभाई जाएगी।
जाति-धर्म से ऊपर उठकर समाजहित में काम करने का संकल्प
कार्यकारिणी सदस्यों ने जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र के भेदभाव से ऊपर उठकर समाजहित में कार्य करने तथा संगठन की गरिमा, अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक संगठनों की वास्तविक सफलता तभी है, जब उनके सेवा कार्यों का स्थायी और सकारात्मक प्रभाव समाज में दिखाई दे।
सड़क के दोनों ओर लगाए पौधे
शपथ ग्रहण कार्यक्रम के बाद माताजी मंदिर से सड़क तक तालाब के बीच बनी सड़क के दोनों ओर पौधारोपण किया गया। इस दौरान बरगद, पीपल, नीम, अशोक, गुलमोहर, बादाम सहित विभिन्न फलदार एवं छायादार प्रजातियों के करीब 10 से 12 फीट ऊंचे पौधे लगाए गए।
प्रत्येक पौधे के साथ ट्री गार्ड लगाया गया। कार्यकर्ताओं ने पौधों को गोद लेते हुए उनकी देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी ली।
पौधे लगाकर छोड़ना नहीं, बड़ा करके दिखाना लक्ष्य: मुकेश भूप्रेमी
संगठन के संस्थापक सदस्य एडवोकेट मुकेश भूप्रेमी ने कहा कि संगठन के सदस्य केवल पौधारोपण कर फोटो खिंचवाने में विश्वास नहीं रखते, बल्कि लगाए गए पौधों को बड़ा करके दिखाने में विश्वास रखते हैं।
उन्होंने कहा कि भूप्रेमी परिवार का उद्देश्य सेवा कार्यों को दिखावे तक सीमित रखना नहीं है। संगठन स्थायी और सकारात्मक परिणाम देने वाले कार्यों के माध्यम से समाज के सामने उदाहरण प्रस्तुत करना चाहता है।
मानवता के लिए काम करने वाले संगठनों को मजबूत करने की जरूरत
संगठन के वरिष्ठ सक्रिय सदस्य अबसार अहमद ने कहा कि समाज में ऐसे संगठनों को मजबूत करने की आवश्यकता है, जो जाति, धर्म, क्षेत्र और समुदाय से ऊपर उठकर मानवता के लिए काम करते हैं। उन्होंने लोगों से भूप्रेमी परिवार के सेवा कार्यों से जुड़ने की अपील की।
पूर्व सरपंच रामसिंह मीणा ने कहा कि वर्तमान समय में समाज को निस्वार्थ और पारदर्शी सामाजिक संगठनों की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भूप्रेमी परिवार सेवा एवं सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहा है।
इस वर्ष 51 पौधे लगाने का लक्ष्य
हेमराज भूप्रेमी ने बताया कि ग्राम रावल में पिछले तीन-चार वर्षों से ग्रामीणों के सहयोग से सैकड़ों पौधे लगाए और विकसित किए जा चुके हैं। इस वर्ष संगठन ने 51 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
उन्होंने कहा कि गांव को पूरी तरह हरा-भरा बनाने तक पौधारोपण और पौध संरक्षण अभियान लगातार जारी रखा जाएगा।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व सरपंच रामसिंह मीणा सहित हेमराज भूप्रेमी, बृजेश मीणा, ओमप्रकाश मीणा, बत्ती लाल मीणा, ऋषिकेश मीणा, मानसिंह मीणा, भेरूलाल मीणा, रामकेश मीणा, कमलेश सैनी, श्रीदास, प्रकाश, रामविलास, रामनिवास, घनश्याम, सुरजन, मनोज सैनी, भैरूलाल, संजय मीणा, मदन मोहन सहित संगठन के सदस्य एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:

Gangapur City, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।