स्टेट हाईवे पर 2 से 2.5 फीट पानी में छिपे गड्ढों से हादसा, चार वर्षीय बच्चा भी पानी में डूबा; पुलिस ने सुरक्षित निकाला।
सूरौठ। कस्बे से होकर गुजर रहे भरतपुर-गंगापुर स्टेट मेगा हाईवे पर शनिवार शाम जलभराव के कारण ग्रामीणों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे के समय ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 20 लोग सवार थे। गनीमत रही कि कोई भी व्यक्ति ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया। हादसे की सूचना मिलते ही सूरौठ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला।
हादसा सूरौठ थाना एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास हुआ, जहां बारिश के बाद सड़क पर काफी मात्रा में पानी जमा हो गया था। पानी के नीचे सड़क पर बने गहरे गड्ढे दिखाई नहीं देने के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई।
जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीधा कराया
शनिवार शाम करीब 6 बजे सूरौठ की ओर से काम करके करीब 20 ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली से लौट रहे थे। इसी दौरान जलभराव और गहरे गड्ढों के कारण वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलने पर सूरौठ थाना पुलिस के एएसआई साहब सिंह गुर्जर, राम भरोसी, नरेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह तथा कांस्टेबल देशराज सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीधा कर सड़क से हटाया।
जलभराव में डूबा चार साल का बच्चा, पुलिस ने बचाया
हादसे के दौरान करीब चार वर्षीय बच्चा जलभराव में गिरकर पानी में डूब गया। बच्चे को पानी में तलाशने के लिए मौके पर मौजूद लोगों के साथ पुलिसकर्मियों ने भी प्रयास शुरू किए।
काफी मशक्कत के बाद कांस्टेबल देशराज सिंह और मौके पर मौजूद लोगों ने बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बच्चे के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली।
2 से 2.5 फीट पानी में गायब हो गई सड़क
ग्रामीणों के अनुसार धंधावली टोल प्लाजा से करीब डेढ़ किलोमीटर आगे, सूरौठ थाना एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास बारिश के बाद सड़क पर करीब 2 से 2.5 फीट तक पानी भर जाता है। पानी में सड़क और उसके गहरे गड्ढे दिखाई नहीं देने के कारण वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
जलभराव के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन फंस रहे हैं। वहीं मरीजों, एंबुलेंस और अस्पताल आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्टेट हाईवे ने लिया तालाब का रूप
ग्रामीणों का कहना है कि भरतपुर-गंगापुर स्टेट मेगा हाईवे पर सूरौठ थाना और सीएचसी के पास लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। बारिश के बाद सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है तथा गड्ढों में पानी भरने से सड़क तालाब जैसी नजर आने लगती है।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि धंधावली टोल प्लाजा पर वाहन चालकों से नियमित रूप से टोल शुल्क वसूला जा रहा है, लेकिन टोल से करीब एक किलोमीटर आगे ही सड़क की स्थिति बेहद खराब है। ऐसे में सुरक्षित आवागमन की जिम्मेदारी कौन निभाएगा, यह बड़ा सवाल बना हुआ है।
ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से गहरे गड्ढों को भरने, जल निकासी की उचित व्यवस्था करने और सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क की स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो धंधावली टोल प्लाजा पर प्रदर्शन कर आंदोलन किया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव के कारण आए दिन हादसों का खतरा बना हुआ है और किसी बड़े हादसे से पहले प्रशासन को प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
यह भी पढ़ें:
Karauli, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।