21 सदस्यीय ग्राम स्तरीय कार्यकारिणी गठित, पौधों को गोद लेकर संरक्षण और सामाजिक सेवा का लिया संकल्प।
सवाई माधोपुर, 9 अगस्त। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर ग्राम रावल में सामाजिक संगठन भूप्रेमी परिवार की ओर से 21 सदस्यीय ग्राम स्तरीय कार्यकारिणी का गठन किया गया। माताजी मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में संगठन के संस्थापक सदस्य एडवोकेट मुकेश भूप्रेमी ने कार्यकारिणी सदस्यों को निस्वार्थ सेवा, मानवता, सामाजिक एकता एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य करने की शपथ दिलाई।
इसके बाद “हरियालो राजस्थान” और “एक पेड़, एक जिंदगी” अभियान के तहत ग्रामीण गौरव पथ मुख्य सड़क, गैर-मुमकिन तालाब, नवीन सड़क माताजी की ओर एवं देवस्थान सहित विभिन्न स्थानों पर बरगद, पीपल, नीम, अशोक, गुलमोहर और बादाम सहित फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए। पौधों पर ट्री गार्ड लगाकर सदस्यों ने उन्हें गोद लिया और नियमित संरक्षण की जिम्मेदारी संभाली।
पौधे लगाना ही नहीं, उन्हें बड़ा करना लक्ष्य
संगठन के संस्थापक सदस्य मुकेश भूप्रेमी ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल पौधारोपण करना नहीं, बल्कि लगाए गए पौधों को बड़ा करके सुरक्षित रखना है। उन्होंने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए बेहद जरूरी है।
उन्होंने ग्रामीणों से भी पौधों की नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
निस्वार्थ सेवा करने वाले संगठनों की जरूरत: रामसिंह मीणा
पूर्व सरपंच रामसिंह मीणा ने कहा कि आज समाज को ऐसे सामाजिक संगठनों की आवश्यकता है, जो बिना किसी भेदभाव के निस्वार्थ भाव से समाज और पर्यावरण के लिए कार्य करें।
उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में भूप्रेमी परिवार के सेवा एवं पौधारोपण अभियानों से जुड़ने की अपील की।
मानवता और पर्यावरण संरक्षण सभी की जिम्मेदारी
संगठन के वरिष्ठ सक्रिय सदस्य अबसार अहमद ने कहा कि सेवा का कार्य किसी जाति, धर्म या समुदाय तक सीमित नहीं होना चाहिए। मानवता और पर्यावरण संरक्षण सभी की साझा जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि समाज में भाईचारा और आपसी सहयोग बढ़ाते हुए ऐसे सामाजिक एवं पर्यावरणीय प्रयासों को लगातार आगे बढ़ाने की जरूरत है।
इस वर्ष 51 पौधे लगाने का लक्ष्य
हेमराज भूप्रेमी ने बताया कि रावल में पिछले तीन-चार वर्षों के दौरान ग्रामीणों के सहयोग से सैकड़ों पौधे लगाए जा चुके हैं। इस वर्ष 51 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ उनके संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में बड़े होकर पर्यावरण को बेहतर बनाने में योगदान दे सकें।
21 सदस्यीय कार्यकारिणी के साथ ग्रामीणों की सहभागिता
कार्यक्रम में पूर्व सरपंच रामसिंह मीणा, हेमराज भूप्रेमी, बृजेश मीणा, ओमप्रकाश मीणा, बत्ती लाल मीणा, ऋषिकेश मीणा, मानसिंह मीणा, भेरूलाल मीणा, रामकेश मीणा, कमलेश सैनी, श्रीदास, प्रकाश, रामविलास, रामनिवास, घनश्याम, सुरजन, मनोज सैनी, भैरूलाल, संजय मीणा, मदन मोहन, वार्ड पंच मियाराम, सीनियर टीचर टीकाराम, सोनू शर्मा, सूरजमल एवं अबसार अहमद सहित संगठन के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक एकता, मानवता और निस्वार्थ सेवा की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
यह भी पढ़ें:

Gangapur City, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।