भीलवाड़ा में मिलावट पर प्रशासन की सख्ती, तीन प्रतिष्ठानों से लिए खाद्य नमूने


रीको एरिया और मीरा सर्किल में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, खराब तेल व दूषित खाद्य सामग्री मौके पर नष्ट कराई गई।

भीलवाड़ा। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग ने गुरुवार को शहर में मिलावटखोरी और अस्वच्छ खाद्य सामग्री के खिलाफ सघन अभियान चलाया। अभियान के दौरान रीको एरिया और मीरा सर्किल स्थित तीन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। टीम ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे, जबकि खराब तेल और दूषित खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए विभाग की ओर से नियमित रूप से जांच एवं कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि खाद्य गुणवत्ता के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निकिता फूड प्रोडक्ट्स से नमकीन का नमूना

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रीको एरिया स्थित मैसर्स निकिता फूड प्रोडक्ट्स का निरीक्षण किया। यहां से नमकीन का नमूना लिया गया, जिसे गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान पर करीब 50 लीटर खराब तेल भी मिला। टीम ने जनहित को ध्यान में रखते हुए खराब तेल को मौके पर ही नष्ट करवा दिया।

सुखवाल बेकरी से बिस्किट का सैंपल

इसी क्रम में टीम ने रीको एरिया स्थित मैसर्स सुखवाल बेकरी का भी निरीक्षण किया। यहां से बिस्किट का नमूना लिया गया और जांच के लिए सुरक्षित किया गया।

निरीक्षण के दौरान करीब 20 किलोग्राम दूषित खाद्य सामग्री मिली, जिसे खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की मौजूदगी में मौके पर ही नष्ट कराया गया।

जोधपुर मिष्ठान भंडार से पेड़े का नमूना

खाद्य सुरक्षा टीम ने मीरा सर्किल स्थित मैसर्स जोधपुर मिष्ठान भंडार का भी निरीक्षण किया। यहां से पेड़े का नमूना लिया गया, जिसे जांच के लिए सुरक्षित किया गया।

विभाग के अनुसार तीनों प्रतिष्ठानों से लिए गए खाद्य नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला, अजमेर भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित मामलों में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

सीएमएचओ डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

निरीक्षण दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव, साक्षी जैन एवं नीरज मीणा शामिल रहे।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *