कांस्टेबल संतोष और मुस्लिम अहमद ने संभाली यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण और बेतरतीब पार्किंग पर पुलिस की सख्ती
प्रयागराज।यमुनानगर के व्यस्ततम शिवराजपुर चौराहे पर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए शंकरगढ़ पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। चौराहे पर आए दिन लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए शंकरगढ़ थाना प्रभारी प्रीतम कुमार तिवारी ने शुक्रवार को विशेष पुलिस ड्यूटी लगाई। चौराहे पर कांस्टेबल संतोष और कांस्टेबल मुस्लिम अहमद तैनात रहे और पूरे दिन यातायात व्यवस्था संभालते नजर आए।
बेतरतीब खड़े वाहनों को हटवाया
शिवराजपुर चौराहे पर तैनात पुलिसकर्मियों ने बेतरतीब खड़े वाहनों को हटवाया। इसके साथ ही गलत दिशा में आने वाले वाहन चालकों को रोककर यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई। सड़क पर अतिक्रमण कर दुकान लगाने वालों को भी चेतावनी दी गई कि वे सड़क और यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न न करें।
बढ़ते जाम और अव्यवस्था को देखते हुए शंकरगढ़ थाना पुलिस ने चौराहे पर विशेष यातायात अभियान शुरू किया है। पुलिस की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि चौराहे पर यातायात सुचारू बना रहे।
बारा, जसरा और शंकरगढ़ को जोड़ता है चौराहा
शिवराजपुर चौराहा बारा, जसरा और शंकरगढ़-नारीबारी को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। इस मार्ग पर दिनभर सैकड़ों भारी वाहनों का आवागमन होता है। सड़क किनारे होने वाले अवैध अतिक्रमण और बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों के कारण यहां आए दिन जाम की स्थिति बनती है।
जाम के कारण राहगीरों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पुलिस ने अब चौराहे पर अपनी निगरानी और ड्यूटी बढ़ा दी है।
जाम की शिकायतों के बाद बढ़ाई पुलिस ड्यूटी
इस संबंध में शंकरगढ़ थाना प्रभारी प्रीतम कुमार तिवारी ने बताया कि शिवराजपुर चौराहे पर जाम की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। चौराहे को जाम मुक्त रखने के लिए पुलिस अलर्ट है और वहां पुलिस की ड्यूटी बढ़ा दी गई है।
थाना प्रभारी ने दुकानदारों और वाहन चालकों को स्पष्ट हिदायत दी है कि सड़क पर अतिक्रमण न करें और नो-पार्किंग में वाहन खड़ा न करें। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति यातायात नियमों का उल्लंघन करेगा या जाम की स्थिति पैदा करेगा, उसके खिलाफ चालान के साथ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें और सड़क पर वाहन खड़ा करने अथवा अतिक्रमण करने से बचें।
यह भी पढ़ें:

Prayagraj, Ouuta Pradesh
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।