रावल में नीम का पेड़ काटने पर ग्रामीणों में रोष, कार्रवाई की मांग


सार्वजनिक भूमि पर ग्रामीणों ने 2024 में लगाया था नीम का पेड़, अज्ञात लोगों ने जड़ से काटकर ट्री गार्ड भी किया क्षतिग्रस्त

सवाई माधोपुर। ग्राम रावल में सार्वजनिक भूमि पर ग्रामीणों द्वारा लगाए गए नीम के पेड़ को अज्ञात व्यक्ति या व्यक्तियों द्वारा काटे जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद ग्रामीणों में रोष है और पेड़ काटने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

2024 में ग्रामीणों ने लगाया था नीम का पेड़

ग्रामीणों के अनुसार वर्ष 2024 में भूप्रेमी परिवार संगठन के सहयोग और ग्रामीणों की मदद से बड़ी मुश्किलों के बीच पौधारोपण किया गया था। तालाब की पाल के पास लगाए गए नीम के पेड़ की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड भी लगाया गया था।

ग्रामीणों का आरोप है कि 2 अक्टूबर को अज्ञात लोगों ने नीम के पेड़ को जड़ से काट दिया। इसके साथ ही पेड़ की सुरक्षा के लिए लगाया गया ट्री गार्ड भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

मंदिर परिसर में ग्रामीणों ने की बैठक

घटना के बाद माता जी के मंदिर प्रांगण में ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में भूप्रेमी परिवार संगठन के मुकेश भूप्रेमी और अवसर भूप्रेमी की मौजूदगी में ग्रामीणों ने मामले को लेकर चर्चा की।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पेड़ काटने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करवाने के लिए प्रयास किया जाएगा।

कुंडेरा थाने में दी रिपोर्ट

ग्रामीणों ने मामले को लेकर पुलिस थाना कुंडेरा में रिपोर्ट भी दी है। रिपोर्ट में वन संरक्षण से संबंधित प्रावधानों एवं अन्य लागू नियमों के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की गई है।

सूचना मिलने पर कुंडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कटे हुए पेड़ तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने ग्रामीणों को मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

पेड़ काटने वालों पर कार्रवाई की मांग

इस दौरान पूर्व सरपंच रामसिंह, धनराज, रामविलास, सीताराम, लखन, संजय, मानसिंह, शिवकरण, हेमराज और भूप्रेमी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

भूप्रेमी परिवार संगठन के हेमराज भूप्रेमी ने बताया कि ग्रामीणों की मेहनत और सहयोग से लगाए गए पेड़ को काटना गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए लगाए गए पेड़ों की सुरक्षा जरूरी है और पेड़ काटने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *