भीलवाड़ा में 11 किलो का केक काटकर मनाया बाबा श्याम का जन्मोत्सव, भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु


काशीपुरी धाम के श्याम मंदिर में हुआ बाबा का अलौकिक श्रृंगार, शिवम अग्रवाल और पीयूष पिपलवा की भजन प्रस्तुतियों पर देर रात तक झूमे श्याम प्रेमी

भीलवाड़ा। बाबा श्याम के जन्मोत्सव पर काशीपुरी धाम स्थित श्री श्याम मंदिर भक्ति और उल्लास के रंग में रंग गया। जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर में बाबा का अलौकिक श्रृंगार किया गया, जिसके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। श्याम प्रेमियों ने अपने आराध्य का जन्मदिन 11 किलो मावे का विशेष केक काटकर धूमधाम से मनाया। वहीं, विशाल एकादशी भजन संध्या में भक्ति गीतों की ऐसी रसधारा बही कि श्रद्धालु देर रात तक नाचते-गाते और झूमते रहे।

बाबा श्याम का किया मनमोहक श्रृंगार

जन्मोत्सव के अवसर पर पुजारी रूपेंद्र शुक्ला एवं रवि पंडित ने बाबा श्याम का मनमोहक श्रृंगार किया। आकर्षक श्रृंगार में सजे बाबा के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। मंदिर परिसर में दर्शन के लिए श्याम प्रेमियों का पहुंचना जारी रहा और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

इस अवसर पर श्याम प्रेमियों ने बाबा के समक्ष 11 किलो मावे का विशेष केक काटा। श्री श्याम सेवा समिति की ओर से भी सभी केक एक साथ काटकर सामूहिक रूप से जन्मोत्सव की खुशियां मनाई गईं।

शिवम अग्रवाल और पीयूष पिपलवा ने भजनों से बांधा समां

श्री श्याम सेवा समिति के अध्यक्ष सुरेश पोद्दार ने बताया कि बाबा श्याम के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में विशाल एकादशी भजन संध्या आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्याम प्रेमियों ने भाग लिया।

भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक शिवम अग्रवाल (रेवाड़ी) एवं पीयूष पिपलवा (मुंबई) ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। दोनों गायकों की प्रस्तुतियों के दौरान भक्त भक्ति में लीन होकर झूमते नजर आए।

जन्मदिन के भजनों पर देर रात तक झूमे श्रद्धालु

भजन संध्या में ‘आज मेरे श्याम धणी का जन्मदिन है’, ‘बधाई हो बधाई बाबा श्याम के जन्मदिन की’, ‘जन्मदिन आया मेरे बाबा का’ और ‘हैप्पी बर्थडे श्याम सरकार’ जैसे भजनों की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु झूम उठे।

पूरा काशीपुरी धाम बाबा के जयकारों और भजनों से गुंजायमान हो गया। श्याम प्रेमियों ने नाचते-गाते हुए बाबा का जन्मोत्सव मनाया। आयोजन में भक्ति, संगीत और उल्लास का संगम देखने को मिला।

समिति के मीडिया प्रभारी पंकज अग्रवाल ने बताया कि पूरे आयोजन के दौरान भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। श्रद्धालुओं की भागीदारी और भजन संध्या के भक्तिमय माहौल ने बाबा श्याम के जन्मोत्सव को यादगार बना दिया।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *