लखनऊ में आयोजित प्रदेश प्रवासी बैठक में आठ राज्यों की 403 महिला विस्तारकों को सौंपी गई जिम्मेदारी, कोली ने संगठन और जनसंपर्क मजबूत करने का लिया संकल्प
भरतपुर। भारतीय जनता पार्टी ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 20 नवंबर 2026 को लखनऊ में आयोजित प्रदेश प्रवासी बैठक में भरतपुर की निवर्तमान सांसद रंजीता कोली ने सहभागिता की। बैठक में पार्टी संगठन की ओर से उन्हें उत्तर प्रदेश के आगरा जनपद की आगरा कैंट विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त कर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई।
वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में हुई प्रदेश प्रवासी बैठक
लखनऊ में आयोजित इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, प्रदेश सह प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद डॉ. मेधा कुलकर्णी सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली, बिहार, झारखंड और महाराष्ट्र सहित आठ राज्यों से आईं 403 महिला विस्तारक बहनों ने भाग लिया। संगठन की ओर से इन सभी को उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर संगठनात्मक गतिविधियों और जनसंपर्क की जिम्मेदारी सौंपी गई।
महिला सशक्तिकरण और संगठन में भागीदारी पर दिया जोर
आगरा कैंट विधानसभा की जिम्मेदारी मिलने पर रंजीता कोली ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने मातृशक्ति पर जो विश्वास जताया है, वह महिला सशक्तिकरण और संगठन में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा, समर्पण और मेहनत के साथ निभाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों को घर-घर तक पहुंचाने का काम किया जाएगा। विशेष रूप से महिलाओं, युवाओं, गरीबों और समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें भाजपा की विचारधारा और विकास की नीतियों से जोड़ने का प्रयास रहेगा।
घर-घर संपर्क और बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने की तैयारी
रंजीता कोली ने कहा कि भाजपा की महिला शक्ति पूरी ऊर्जा और संगठनात्मक एकजुटता के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि महिला कार्यकर्ता घर-घर पहुंचेंगी और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करेंगी। जनता के बीच जाकर विपक्ष के दावों और उसकी राजनीति का जवाब देने का काम भी किया जाएगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा इस बार पहले से अधिक सीटों के साथ ऐतिहासिक विजय प्राप्त करेगी। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इस बार विपक्ष की साइकिल की हवा निकालकर उसे पूरी तरह पंचर कर देंगे। भाजपा की विकास एक्सप्रेस के सामने विपक्ष की राजनीति टिक नहीं पाएगी।
शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार
अंत में रंजीता कोली ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन्हें जो महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है, उसे पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाते हुए भाजपा की विजय में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देंगी।
यह भी पढ़ें:

Bharatpur, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।