जीतो भीलवाड़ा की नई टीम ने ली शपथ, सदस्य संख्या 1500 पार


समन्वय-2026 में चैप्टर, लेडिज विंग और यूथ विंग की नई कार्यकारिणी का पदस्थापन, 61 नए पेट्रेन सदस्य जुड़े, सेवा-शिक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण पर जोर

भीलवाड़ा। जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जीतो) भीलवाड़ा चैप्टर, लेडिज विंग और यूथ विंग की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने सेवा, शिक्षा, सामाजिक प्रगति और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की शपथ ली। रीको क्षेत्र स्थित ओरियम रिसोर्ट में आयोजित ‘समन्वय-2026’ पदस्थापन एवं शपथ ग्रहण समारोह में जीतो अपेक्स चेयरमैन संजय डांगी मुख्य अतिथि तथा राजस्थान सरकार के सहकारिता मंत्री गौतम दक विशिष्ट अतिथि रहे। समारोह में 61 नए पेट्रेन सदस्य जुड़े और भीलवाड़ा चैप्टर, लेडिज विंग एवं यूथ विंग की कुल सदस्य संख्या 1500 से अधिक होने की जानकारी दी गई।

जीतो अपेक्स प्रेसीडेंट हिमांशु शाह ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और उनकी टीम को पद एवं दायित्वों की शपथ दिलाई। समारोह में विभिन्न शहरों से आए जीतो पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने नई टीम को शुभकामनाएं दीं।

जीतो भीलवाड़ा चैप्टर के कार्यों की देशभर में सराहना

मुख्य अतिथि जीतो अपेक्स चेयरमैन संजय डांगी ने कहा कि जीतो विश्व स्तर पर जैन समाज की पहचान बन चुका है। संगठन सेवा, शिक्षा और सामाजिक प्रगति के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहा है। साथ ही सदस्यों के आर्थिक सशक्तिकरण और समाज की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न पहल की जा रही हैं।

उन्होंने ‘श्रमण आरोग्यम’ जैसे प्रोजेक्ट का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से हजारों साधु-संतों की सेवा की जा रही है। डांगी ने जीतो भीलवाड़ा चैप्टर के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि अपनी उत्कृष्ट सेवाओं के कारण इस चैप्टर ने देशभर में विशिष्ट पहचान बनाई है और अन्य चैप्टरों के लिए प्रेरणास्रोत बना है। उन्होंने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं।

जैन समाज की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर जोर

राजस्थान सरकार के सहकारिता मंत्री गौतम दक ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्यरत जीतो जैन समाज की प्रगति में अहम भूमिका निभा रहा है। संगठन प्रशासनिक सेवाओं और विभिन्न पेशेवर क्षेत्रों में समाज की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रोजेक्ट संचालित कर रहा है।

उन्होंने कहा कि आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को अपने उद्योग और स्टार्टअप आगे बढ़ाने में सहायता मिल रही है। उन्होंने भीलवाड़ा चैप्टर की सेवाओं की सराहना की।

भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी ने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। समाज से जो कुछ मिला है, उसे वापस समाज को लौटाने की भावना भी होनी चाहिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि जीतो भीलवाड़ा चैप्टर समाजहित में जो भी कार्य करेगा, उसमें उनका पूरा सहयोग रहेगा।

61 नए पेट्रेन सदस्यों का स्वागत, सदस्य संख्या 1500 पार

जीतो के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं समाजसेवी महावीरसिंह चौधरी ने कहा कि जीतो भीलवाड़ा चैप्टर की उत्कृष्ट सेवाओं और नवाचारों की चर्चा देशभर में होती है। उन्होंने बताया कि लेडिज विंग ने भी पिछले दो वर्षों में श्रेष्ठ सेवाओं के लिए कई सम्मान प्राप्त किए हैं। सदस्यों के सेवा, समर्पण और उत्साह ने चैप्टर को नई पहचान दिलाई है।

समारोह में महावीरसिंह चौधरी ने 61 नए पेट्रेन सदस्यों को पिन लगाकर स्वागत किया। उन्होंने बताया कि भीलवाड़ा में चैप्टर, लेडिज विंग और यूथ विंग के माध्यम से सदस्यों की संख्या 1500 से अधिक हो चुकी है।

नई टीम समाजसेवा की गतिविधियों का करेगी विस्तार

जीतो भीलवाड़ा चैप्टर के नवनिर्वाचित चेयरमैन डॉ. संपतलाल जैन ने कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी टीम के साथ समर्पित भाव से करेंगे। उनका प्रयास रहेगा कि जीतो समाजहित में बेहतर कार्य करे और सेवा गतिविधियों का लगातार विस्तार हो।

चैप्टर के चीफ सेक्रेटरी अकिन चौधरी ने नई टीम और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। लेडिज विंग की चेयरपर्सन नेहा नाहर तथा यूथ विंग के चेयरपर्सन प्रतीक बुलिया ने अपने-अपने विंग की योजनाओं और आगामी गतिविधियों से अवगत कराया।

जीतो अपेक्स पदाधिकारियों का मिला मार्गदर्शन

समारोह में नगर निगम महापौर जसवंत कंवर, टीम जीतो अपेक्स एडवाइजरी बोर्ड के पृथ्वीराज कोठारी एवं सुखराज नाहर, अपेक्स वाइस प्रेसीडेंट महावीर लुणावत, जेएटीएफ प्रेसीडेंट उज्ज्वल पगारिया, अपेक्स डायरेक्टर निश्चल जैन, नितिन जैन और तिलोकचंद छाबड़ा सहित अन्य पदाधिकारियों का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

समारोह में जयपुर, कोटा, अजमेर, चित्तौड़गढ़, जोधपुर, पाली और किशनगढ़ सहित विभिन्न शहरों से आए जीतो पदाधिकारी मौजूद रहे। आभार निवर्तमान चीफ सेक्रेटरी मनीष शाह ने व्यक्त किया, जबकि मंच संचालन नीतू ओस्तवाल ने किया।

जीतो भीलवाड़ा चैप्टर की नई कार्यकारिणी

जीतो भीलवाड़ा चैप्टर की नई कार्यकारिणी में चेयरमैन डॉ. संपतलाल जैन और चीफ सेक्रेटरी अकिन चौधरी ने दायित्व संभाला। वाइस चेयरमैन के रूप में सुनील नाहर, निशान्त जैन, प्रकाश सुतरिया एवं पुष्पा गोखरू शामिल हैं।

सचिव पद पर प्रतीक कावड़िया, अर्पित चौधरी, ललित डोशी एवं राजेन्द्र बाबेल ने शपथ ली। कोषाध्यक्ष गिरिश ओस्तवाल, ज्वॉइंट कोषाध्यक्ष धर्मेन्द्र मेहता एवं अशोक सामर बनाए गए। डायरेक्टर के रूप में अजय चौरड़िया, प्रतीक जैन, नीतू ओस्तवाल, अभिषेक खजांची, महेंद्र सोगानी और सिद्धार्थ गोखरू ने जिम्मेदारी संभाली।

लेडिज विंग और यूथ विंग की नई टीम

जीतो लेडिज विंग में चेयरपर्सन नेहा नाहर, चीफ सेक्रेटरी निकिता पाटौदी और कोषाध्यक्ष सोनल छाबड़ा ने शपथ ली।

वहीं जीतो यूथ विंग में चेयरमैन प्रतीक बुलिया, चीफ सेक्रेटरी अभि जैन, कोषाध्यक्ष संयम जैन, वाइस चेयरमैन अचल चौधरी एवं अंशुल सिंह ने दायित्व संभाला। सचिव पद पर सुरभि चौपड़ा, दक्ष जैन, निकेत जैन, यश डांगी, विनय पगारिया एवं मुस्कान जैन ने शपथ ली।

नई कार्यकारिणियों ने सेवा, शिक्षा, सामाजिक प्रगति और आर्थिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में संगठन की गतिविधियों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *