सवाई माधोपुर में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम, निकाली निषेध रैली


विधिक जागरूकता कार्यक्रम में छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणाम, कानूनी प्रावधान और हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी

सवाई माधोपुर, 27 नवंबर। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत सवाई माधोपुर में बाल विवाह की रोकथाम को लेकर विधिक जागरूकता कार्यक्रम एवं बाल विवाह निषेध रैली का आयोजन किया गया। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर, गायत्री सेवा संस्थान और चाइल्ड हेल्पलाइन सवाई माधोपुर के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में यह कार्यक्रम आयोजित हुआ।

यह आयोजन बाल विवाह, कम उम्र में विवाह एवं जबरन विवाह उन्मूलन के अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों, इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों और रोकथाम के लिए उपलब्ध सहायता तंत्र के प्रति जागरूक करना रहा।

विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकार मित्रों ने दी कानूनी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर के अधिकार मित्र धनराज मीणा, मुकेश कुमार शर्मा, गिर्राज रैगर, मगनलाल मीणा एवं बुनियाद अली ने उपस्थित छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों और इस मामले में सजा के प्रावधानों की जानकारी दी।

उन्होंने आशा यूनिट की कार्यप्रणाली, बाल विवाह की शिकायतों के निवारण में जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों एवं तालुका विधिक सेवा समितियों की भूमिका तथा नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी विस्तार से बताया।

अधिकार मित्रों ने जानकारी दी कि भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को 21 अक्टूबर 2026 से 28 जनवरी 2027 तक पुनः प्रारंभ किया गया है। अभियान का मुख्य उद्देश्य बाल विवाह की रोकथाम के लिए जन जागरूकता बढ़ाना, सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना और विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों को मजबूत करना है। विशेष रूप से आगामी विवाह सत्र के दौरान बाल विवाह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने पर जोर दिया जा रहा है।

बाल विवाह मुक्त भारत पोर्टल की दी जानकारी

इस अवसर पर गायत्री सेवा संस्थान के डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर मनीष कुमार शर्मा एवं फील्ड कोऑर्डिनेटर विष्णु गुर्जर और अमर सिंह गुर्जर ने भी छात्राओं को संबोधित किया।

उन्होंने बाल विवाह के दुष्परिणामों, बाल विवाह मुक्त भारत पोर्टल तथा बाल विवाह की सूचना मिलने पर संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को सूचित करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाल विवाह की रोकथाम के लिए समय पर सूचना देना और संबंधित विभागों के साथ समन्वय करना महत्वपूर्ण है।

चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और बाल विवाह निषेध अधिनियम की जानकारी

चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपरवाइजर हनुमान सैनी, मीना कुमारी एवं केस वर्कर राहुल सिंह ने छात्राओं को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की कार्यप्रणाली के बारे में बताया।

उन्होंने बाल विवाह से संबंधित कानूनी प्रावधानों और बाल विवाह निषेध अधिनियम 2006 के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। साथ ही छात्राओं को प्रेरित किया कि यदि उन्हें बाल विवाह की किसी भी घटना की जानकारी मिलती है तो तत्काल संबंधित अधिकारियों एवं चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचित करें।

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की छात्राओं एवं कॉलेज स्टाफ ने बाल विवाह की रोकथाम के लिए शपथ भी ग्रहण की।

प्राचार्य ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना

जागरूकता कार्यक्रम के बाद महाविद्यालय की छात्राओं के सहयोग से बाल विवाह रोकथाम के संबंध में विधिक जागरूकता रैली निकाली गई। महाविद्यालय के प्राचार्य गोपाल सिंह ने बाल विवाह निषेध रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली के दौरान छात्राओं ने बाल विवाह के खिलाफ प्रभावशाली नारे लगाकर आमजन को जागरूक किया। छात्राओं ने “बाल विवाह बंद करो”, “बाल विवाह कैसी नादानी, जीवनभर आंखों में पानी” और “बेटी को पढ़ने दो, बाल विवाह से लड़ने दो” जैसे नारों के माध्यम से बाल विवाह के दुष्परिणामों का संदेश दिया।

रैली के जरिए छात्राओं ने बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने और इस सामाजिक कुरीति को रोकने के लिए आमजन को जागरूक करने का आह्वान किया।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *