सवाई माधोपुर जिला और गंगापुर उपशाखा की नई कार्यकारिणी गठित, शिक्षकों की लंबित मांगों को लेकर भी लिए गए अहम निर्णय
सवाई माधोपुर। राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) जिला सवाई माधोपुर और उपशाखा गंगापुर सिटी के चुनाव मंगलवार को मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर निर्विरोध संपन्न हुए। चुनाव प्रभारी सोहन लाल गुप्ता, अतिरिक्त प्रदेश महामंत्री तथा सहायक चुनाव प्रभारी अमर सिंह मीणा, पूर्व जिला अध्यक्ष के निर्देशन में चुनाव प्रक्रिया पूरी की गई। चुनाव में महेश कुमार जैन (प्रधानाध्यापक) को जिला सवाई माधोपुर का अध्यक्ष और हरिराम मीणा को गंगापुर उपशाखा का अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित किया गया।
शिक्षकों की समस्याओं और मांगों पर हुई चर्चा
चुनाव से पूर्व आयोजित बैठक में शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें स्टाफिंग पैटर्न से पूर्व सभी संवर्गों की डीपीसी करवाने के लिए निदेशक महोदय को पत्र लिखने का निर्णय लिया गया।
बैठक में तृतीय चरण और चतुर्थ चरण के पंचायत राज चुनाव 2026 में लगाए गए कार्मिकों को दीपावली अवकाश के दौरान कार्य करने के बदले क्षतिपूर्ति अवकाश अथवा उपार्जित अवकाश स्वीकृत करने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग को पत्र लिखने का भी निर्णय लिया गया।
इसके साथ ही चतुर्थ चरण में मतदान अधिकारियों के सहयोग के लिए विद्यालयों में लगाए गए अध्यापकों को दीपावली अवकाश में कार्य करने के बदले क्षतिपूर्ति अवकाश या उपार्जित अवकाश देने की मांग की गई। शिक्षकों ने तृतीय श्रेणी अध्यापकों के स्थानांतरण पारदर्शी नीति के माध्यम से करने और सभी संवर्गों की बकाया डीपीसी करवाने की मांग भी उठाई।
सवाई माधोपुर जिला कार्यकारिणी में पदाधिकारियों का निर्वाचन
राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) की सवाई माधोपुर जिला कार्यकारिणी में विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों को निर्विरोध निर्वाचित किया गया। इनमें संरक्षक पद पर सुरेश चंद्र शर्मा और रामबाबू शर्मा, सभा अध्यक्ष पद पर कपिल शर्मा, उपसभा अध्यक्ष पद पर गिरीश कुमार गर्ग तथा महिला उपसभा अध्यक्ष पद पर रेनू शर्मा निर्वाचित हुईं।
इसी प्रकार कार्यकारी अध्यक्ष पद पर फिरोज खान, प्रारंभिक शिक्षा उपाध्यक्ष पद पर रविंद्र सिंह, माध्यमिक शिक्षा उपाध्यक्ष पद पर राहुल शर्मा और संस्कृत शिक्षा उपाध्यक्ष पद पर चंद्रप्रकाश गर्ग को जिम्मेदारी दी गई।
महिला मंत्री पद पर रेखा रानी मित्तल, मंत्री पद पर नरेश कुमार सिसोदिया, कोषाध्यक्ष पद पर विष्णु कुमार सिंघल, ऑडिटर पद पर विजेंद्र सिंह और प्रवक्ता पद पर जितेंद्र वर्मा निर्विरोध निर्वाचित हुए।
विभिन्न संवर्गों से सदस्य भी निर्विरोध चुने गए
जिला कार्यकारिणी में सदस्य पद पर प्रधानाचार्य संजय कुमार अग्रवाल, वरिष्ठ अध्यापक सत्य प्रकाश गर्ग, पुस्तकालय अध्यक्ष दिनेश गुप्ता, संस्कृत शिक्षा से मिथिलेशी मीणा, महिला शिक्षा से मनीषा मीना, प्रयोगशाला सहायक अतर अली काजी और सेवानिवृत्त शिक्षक हनुमान प्रसाद शर्मा निर्विरोध निर्वाचित हुए।
वहीं संगठन मंत्री पद पर मोहन लाल गुर्जर और संयुक्त मंत्री पद पर बनवारी लाल मित्तल को निर्विरोध चुना गया।
गंगापुर उपशाखा की कार्यकारिणी का भी गठन
गंगापुर उपशाखा में अध्यक्ष पद पर हरिराम मीणा के निर्विरोध निर्वाचन के साथ अन्य पदों पर भी पदाधिकारियों का चयन किया गया। उपशाखा मंत्री पद पर रघुवीर जाटव, कोषाध्यक्ष पद पर भुरामल शर्मा और कार्यकारी अध्यक्ष पद पर मोहिद खान निर्विरोध निर्वाचित हुए।
इस अवसर पर रामलाल वैष्णव, जितेंद्र चतुर्वेदी, मुरारी लाल गुर्जर सहित अन्य अध्यापक उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:

Gangapur City, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।