उत्तराखंड हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का हवाला देकर दी राहत, पुलिस को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के प्रावधानों का पालन करने के निर्देश
नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट ने विधायक हरीश धामी और मनोहर टोलिया को बड़ी राहत देते हुए उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। दोनों की ओर से गिरफ्तारी पर रोक लगाने और उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे को निरस्त करने की मांग को लेकर याचिका दायर की गई थी। मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की एकलपीठ में हुई।
एकलपीठ ने सुप्रीम कोर्ट के चर्चित मामले अरनेश कुमार बनाम बिहार राज्य में दिए गए दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए याचिकाकर्ताओं की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी। इसके साथ ही याचिका को निस्तारित कर दिया।
15 नवंबर को दर्ज हुआ था मुकदमा
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं की ओर से दलील दी गई कि 15 नवंबर को पुलिस ने उनके और अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। याचिकाकर्ताओं के अनुसार, मामले में सात साल से कम सजा का प्रावधान है, इसके बावजूद पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35 के तहत अनिवार्य नोटिस दिए बिना ही चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
याचिकाकर्ताओं की ओर से कहा गया कि यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का सीधा उल्लंघन है। इसी आधार पर उन्होंने हाईकोर्ट से गिरफ्तारी पर रोक लगाने और दर्ज मुकदमे को निरस्त करने की मांग की।
सरकार ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में व्यवधान का लगाया आरोप
वहीं, सरकार की ओर से सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं पर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न करने का आरोप लगाया गया। सरकार की ओर से कहा गया कि याचिकाकर्ताओं ने कार्यक्रम के दौरान पोडियम में तोड़फोड़ की और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।
कोर्ट ने गिरफ्तारी पर लगाई रोक
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए पुलिस को कानूनी प्रावधानों का पालन करने के निर्देश दिए। न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की एकलपीठ ने याचिकाकर्ताओं की गिरफ्तारी पर रोक लगाते हुए याचिका निस्तारित कर दी। इस आदेश से विधायक हरीश धामी और मनोहर टोलिया को राहत मिली है।
यह भी पढ़ें:

नैनीताल, उत्तराखंड
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।