भीलवाड़ा में 137 दुर्घटना संभावित स्थलों पर होंगे सुधार, 32 ब्लैक स्पॉट पर विशेष फोकस


जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर संधू ने दिए निर्देश, 15 दिन में संयुक्त निरीक्षण कर रिपोर्ट सौंपेंगी विभागीय टीमें

भीलवाड़ा। सड़क हादसों में होने वाली मौतों पर अंकुश लगाने के लिए भीलवाड़ा जिला प्रशासन ने दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधार की कार्ययोजना तैयार करने की पहल की है। जिले के 137 दुर्घटना संभावित स्थलों के साथ राष्ट्रीय राजमार्गों के 23 और शहरी क्षेत्र के 9 ब्लैक स्पॉट पर स्थायी सुधार किए जाएंगे। इसके लिए संबंधित विभागों की संयुक्त टीमें मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करेंगी और दुर्घटनाओं के कारणों की पहचान कर 15 दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगी।

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जिला स्तरीय कार्ययोजना तैयार करने और सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।

137 दुर्घटना संभावित स्थलों का होगा संयुक्त निरीक्षण

कलेक्टर संधू ने निर्देश दिए कि जिले के सभी 137 दुर्घटना संभावित स्थलों का संबंधित विभागों की संयुक्त टीमें निरीक्षण करें। राष्ट्रीय राजमार्गों के 23 और शहरी क्षेत्र के 9 ब्लैक स्पॉट पर विशेष ध्यान देते हुए दुर्घटनाओं के कारणों की पहचान की जाए। निरीक्षण के बाद 15 दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत कर आवश्यक सुधार कार्यों की कार्ययोजना बनाई जाए।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों के प्रभारी अधिकारी नियुक्त करने, संयुक्त निरीक्षण करने और नियमित समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए। सेव लाइफ फाउंडेशन की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी के आधार पर दुर्घटना स्थलों पर आवश्यक सुधार कार्य करवाने पर भी जोर दिया गया।

जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम के तहत बनेगी कार्ययोजना

बैठक में सेव लाइफ फाउंडेशन, नई दिल्ली के सदस्य गौतम पठारे ने जिले में जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम के तहत प्रस्तावित कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण किया। इसमें सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को रोकने के लिए संवेदनशील स्थलों की पहचान, सड़क इंजीनियरिंग में सुधार और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।

प्रस्तुतीकरण के आधार पर कलेक्टर ने अधिकारियों को दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुधार करने और सड़क सुरक्षा से जुड़े उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।

पीएम राहत और गुड सेमेरिटन योजना का होगा प्रचार

कलेक्टर संधू ने पीएम राहत योजना और गुड सेमेरिटन योजना का अधिकाधिक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिले के 137 दुर्घटना संभावित स्थलों पर बैनर-पोस्टर लगाकर आमजन को जागरूक करने को कहा।

उन्होंने ई-डार पोर्टल पर सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े आंकड़ों को समय-समय पर अपडेट करने और मार्गदर्शक पोर्टल पर सही जानकारी दर्ज करने के निर्देश दिए। इस कार्य को व्यवस्थित बनाने के लिए विभागवार कैलेंडर तैयार करने को भी कहा गया।

सर्विस रोड से मुख्य सड़क पर आने वाले वाहनों पर विशेष ध्यान

बैठक में सर्विस रोड से मुख्य सड़क पर आने वाले वाहनों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष उपाय करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि ऐसे स्थानों पर दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए आवश्यक सुधार किए जाएं।

इसके अलावा सड़क सुरक्षा मित्र योजना के तहत अधिक से अधिक लोगों का पंजीयन कराने और आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया। जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य दुर्घटना संभावित स्थलों पर स्थायी सुधार कर सड़क हादसों और उनसे होने वाली मौतों को रोकना है।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *