भीलवाड़ा के श्री बाबा धाम में 1100 कन्याओं का पूजन, बेटियों को सक्षम बनाने का संकल्प


अष्टधातु की माताजी की प्रतिमा के साथ 51 चौपहिया वाहनों की शोभायात्रा निकली, महाआरती और गरबा विजेताओं के सम्मान के साथ नवरात्रा महोत्सव संपन्न

भीलवाड़ा। मां के जयकारों, हवन की आहुतियों और कन्या पूजन के साथ श्री बाबा धाम में आयोजित नवरात्रा महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के बीच संपन्न हुआ। महोत्सव के समापन पर 1100 कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन प्रसादी करवाई गई। साथ ही उनके माता-पिता को बेटियों की रक्षा, शिक्षा और आत्मरक्षा के लिए उन्हें सक्षम बनाने का संकल्प दिलाया गया।

अष्टधातु से निर्मित माताजी की प्रतिमा के साथ 51 चौपहिया वाहनों की शोभायात्रा निकाली गई। शाम को आयोजित महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मां के जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।

1100 कन्याओं का पूजन कर दिया बेटी बचाओ का संदेश

श्री बाबा धाम के अध्यक्ष विनीत अग्रवाल के सानिध्य में 11 से 20 अक्टूबर तक नवरात्रा महोत्सव आयोजित किया गया। नवमी के अवसर पर आचार्य गोविंद गौतम एवं अन्य पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन की पूर्णाहुति करवाई। इसके बाद कन्या पूजन किया गया।

कन्याओं के पैर धोकर तिलक लगाया गया और चुनरी ओढ़ाकर फल भेंट किए गए। अध्यक्ष विनीत अग्रवाल ने स्वयं कन्याओं को भोजन प्रसादी करवाई।

इस अवसर पर 1100 कन्याओं के माता-पिता को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और बेटियों को आत्मरक्षा के लिए सक्षम बनाने का संकल्प दिलाया गया। आयोजन के माध्यम से बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा और सशक्तीकरण का संदेश दिया गया।

विशेष सजावट और हवन-पूजन से भक्तिमय रहा धाम

नवरात्रा महोत्सव के दौरान मंदिर को विशेष विद्युत सजावट और रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया। नौ दिनों तक माताजी का विशेष श्रृंगार किया गया।

प्रतिदिन सुबह आरती के बाद 9:15 बजे से हवन-पूजन हुआ। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आहुतियां देकर परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना की।

अष्टधातु की प्रतिमा के साथ निकली शोभायात्रा

महोत्सव के अंतिम दिन दोपहर 3:15 बजे अष्टधातु से निर्मित माताजी की प्रतिमा के साथ 51 चौपहिया वाहनों की शोभायात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों, पटाखों और गुलाल के बीच श्रद्धालु मां के जयकारे लगाते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए।

मंत्रोच्चार और हवन-पूजन के बाद प्रतिमा को पुनः श्री बाबा धाम लाया गया, जहां उसकी नियमित पूजा-अर्चना की गई। अष्टधातु की प्रतिमा के दर्शन और उसके साथ फोटो लेने के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला।

मंदिर प्रबंधन के अनुसार, आगामी वर्षों में भी इसी प्रतिमा के साथ नवरात्रा में घट स्थापना की जाएगी।

गरबा विजेताओं को पुरस्कार देकर किया सम्मानित

मीडिया एवं गरबा प्रभारी राजेश नेनावटी ने बताया कि नवरात्रा के दौरान आयोजित गरबा कार्यक्रम में आकर्षक वेशभूषा और उत्कृष्ट नृत्य करने वाले प्रतिभागियों का विभिन्न वर्गों में चयन किया गया।

अध्यक्ष विनीत अग्रवाल एवं चयन समिति ने प्रतिभागियों का चयन किया। महाआरती के बाद विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

महाआरती में उमड़े श्रद्धालु

शाम 7:15 बजे महाआरती आयोजित की गई। इसके बाद तलवार का झाड़ा लगाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। मां के जयकारों और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच पूरा परिसर भक्तिमय बना रहा।

आयोजन में विधायक अशोक कोठारी, महापौर जसवंत कंवर, उपमहापौर राधेश्याम सोमानी, गांधीनगर थाना से पुष्पा कसौटिया, पार्षद मिथलेश देवी, राजलक्ष्मी और खुशबू कोठारी सहित समाजसेवी मदन गोपाल कालरा और अपर्णा शर्मा समेत अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और धर्मप्रेमी उपस्थित रहे।

कन्या पूजन, शोभायात्रा, महाआरती और गरबा विजेताओं के सम्मान के साथ श्री बाबा धाम में नवरात्रा महोत्सव का समापन हुआ।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *