दिगंबर जैन समाज के लोगों ने मंत्रोच्चार के साथ किया प्रतिमा का परिमार्जन और अष्टद्रव्य पूजा, साधर्मी बंधुओं व आमजन को बांटी मिठाई।
गंगापुर सिटी। श्री महावीरजी रेलवे स्टेशन परिसर में विराजमान भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा का प्रथम स्थापना दिवस बड़े हर्षोल्लास और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशन परिसर में बंसी पहाड़पुर के पत्थरों से निर्मित आकर्षक छतरी के अंदर गोलाकार सर्कल में भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा स्थापित की गई है। दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र श्री महावीरजी कमेटी के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में जैन समाज के दर्जनों साधर्मी बंधुओं ने भाग लिया।
1400 किलो वजनी प्रतिमा का मंत्रोच्चार के साथ किया परिमार्जन
कार्यक्रम में दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र कमेटी के प्रतिनिधि विशेष अधिकारी कर्नल विष्णु सिंह, मैनेजर नेमीचंद जैन पाटनी, जनसंपर्क अधिकारी एवं जैन विद्वान पंडित मुकेश जी मधुर, दिगंबर जैन सोशल ग्रुप गंगापुर सिटी के अध्यक्ष नरेंद्र जैन नृपत्या, संस्थापक अध्यक्ष सुमेर जैन सोनी, अमित जैन और राजेश जैन गोधा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर दर्जनों साधर्मी बंधुओं ने छतरी में पद्मासन मुद्रा में विराजमान भगवान महावीर स्वामी की 1400 किलोग्राम वजनी ब्रांज मेटल की प्रतिमा का मंत्रोच्चार के साथ परिमार्जन किया। सभी ने मिलकर पूरी छतरी, ग्रेनाइट से बने चबूतरे और गोलाकार सर्कल की साफ-सफाई की तथा परिसर को आकर्षक रूप दिया।
फूलों से सजाया सर्कल, णमोकार मंत्र के साथ हुई पूजा
प्रथम स्थापना दिवस के अवसर पर प्रतिमा के आसपास बने सर्कल को फूलों से सजाया गया। इसके बाद णमोकार मंत्र, मंगलाष्टक और महावीर अष्टक का मंगल पाठ किया गया। धार्मिक अनुष्ठान के क्रम में भगवान महावीर स्वामी की अष्टद्रव्यों से सामूहिक पूजा-अर्चना की गई।
स्थापना दिवस पर उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी और भगवान महावीर स्वामी के जयकारे लगाए। कार्यक्रम में शामिल सैकड़ों साधर्मी बंधुओं और आमजन को मिष्ठान वितरित किया गया।
रेलवे स्टेशन पर प्रतिमा स्थापना को बताया जैन समाज का गौरव
दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र कमेटी के जनसंपर्क अधिकारी पंडित मुकेश जी मधुर ने कहा कि भारत सरकार और रेल मंत्रालय ने रेलवे स्टेशन परिसर में भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा स्थापित कर जैन समाज को बहुत बड़ा गौरव प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि इस कार्य की जितनी प्रशंसा की जाए, उतनी कम है। आज यह प्रतिमा समस्त जगत में भगवान महावीर स्वामी के ‘जियो और जीने दो’ के संदेश का प्रसार कर रही है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के दूसरे चरण में होंगे कई निर्माण कार्य
दिगंबर जैन सोशल ग्रुप गंगापुर सिटी के अध्यक्ष नरेंद्र जैन ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत दूसरे चरण का कार्य शुरू हो चुका है। इसके अंतर्गत रेलवे स्टेशन परिसर में विशाल सिंह द्वार, सेल्फी वॉल और यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कई निर्माण कार्य किए जाने हैं।
उन्होंने बताया कि यात्रियों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने की सुविधा देने के लिए लिफ्ट भी लगाई जाएगी। स्टेशन परिसर में रंगीन लाइटें लगाई जाएंगी। इसके साथ ही भगवान महावीर स्वामी के जीवन चरित्र और श्री महावीरजी तीर्थ की कहानी को आर्ट गैलरी के माध्यम से पत्थरों पर अंकित कर रेलवे स्टेशन की बिल्डिंग के अंदर लगाया जाएगा।
कमेटी पदाधिकारियों ने भारत सरकार और रेल मंत्रालय का जताया आभार
स्थापना दिवस के अवसर पर दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र श्री महावीरजी कमेटी के अध्यक्ष सुधांशु कासलीवाल और मानद मंत्री उमराव मल संघी ने भारत सरकार एवं रेल मंत्रालय का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन परिसर में भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा विराजमान होने से पूरे भारतवर्ष में उनके अहिंसा के संदेश का प्रसार हो रहा है। भगवान महावीर स्वामी की यह मनोहारी प्रतिमा रेल यात्रियों को विश्व शांति और आपसी सौहार्द का संदेश दे रही है।
यह भी पढ़ें:

Gangapur City, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।