भीलवाड़ा महिला आईटीआई में छात्राओं को बांटे प्रमाण पत्र, आत्मनिर्भरता का दिया संदेश


दीक्षांत समारोह में सत्र 2025-26 की उत्तीर्ण छात्राओं का सम्मान, रोजगार, स्वरोजगार और सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

भीलवाड़ा। हुनर को पहचान और कौशल को रोजगार से जोड़ने की दिशा में महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में शनिवार को दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। समारोह में प्रशिक्षण पूरा करने वाली छात्राओं को राष्ट्रीय व्यावसायिक प्रमाण पत्र एवं अंकतालिकाएं प्रदान की गईं। इस अवसर पर छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें तकनीकी शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया गया।

रोजगार प्रशिक्षण महानिदेशालय, नई दिल्ली (भारत सरकार) के निर्देशानुसार आयोजित इस समारोह में सत्र 2025-26 की उत्तीर्ण छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में तकनीकी और व्यावसायिक प्रशिक्षण के महत्व के साथ रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों पर भी जानकारी दी गई।

नए व्यवसायों में भी प्रशिक्षण की सुविधा

संस्थान अधीक्षक रचना अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्याम डाड तथा विशिष्ट अतिथि गोविन्द प्रसाद सोडानी एवं राजकुमार बम्ब रहे।

उन्होंने संस्थान में संचालित प्रशिक्षण गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि इस सत्र से कॉस्मेटोलॉजी (ब्यूटी पार्लर), कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट (कोपा) और फैशन डिजाइनिंग जैसे नए व्यवसाय शुरू किए गए हैं। इनके अलावा संस्थान में सिलाई, कंप्यूटर बेसिक टेक्नोलॉजी तथा मैकेनिक एवं इलेक्ट्रीशियन से संबंधित कक्षाएं भी संचालित की जा रही हैं।

रचना अग्रवाल के अनुसार, वर्तमान में संस्थान में 170 बालिकाएं अध्ययनरत हैं। संस्थान में आधुनिक सुविधाओं से युक्त बड़ा एवं सुव्यवस्थित भवन उपलब्ध है। यहां प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद कई छात्राएं प्लेसमेंट के माध्यम से विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में सेवाएं दे रही हैं।

तकनीकी शिक्षा से महिलाएं बनेंगी आत्मनिर्भर

मुख्य अतिथि श्याम डाड एवं विशिष्ट अतिथियों ने तकनीकी शिक्षा की उपयोगिता पर अपने विचार व्यक्त किए। श्याम डाड ने कहा कि बालिकाओं को शिक्षित होने के साथ हुनरमंद बनना भी जरूरी है। व्यावसायिक प्रमाण पत्र और डिप्लोमा हासिल करने के बाद महिलाएं आसानी से रोजगार प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन सकती हैं और सम्मानजनक तरीके से अपनी आजीविका चला सकती हैं।

उन्होंने कौशल आधारित शिक्षा को बालिकाओं के भविष्य और आत्मनिर्भरता के लिए महत्वपूर्ण बताया।

मुद्रा योजना और स्किल इंडिया की दी जानकारी

समारोह के दौरान कौशल प्रशिक्षित महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने के लिए बैंक के माध्यम से मुद्रा योजना एवं अन्य सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाले ऋण की जानकारी दी गई। इसके साथ ही भारत सरकार के स्किल इंडिया कार्यक्रम के बारे में भी विस्तार से बताया गया, ताकि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली छात्राएं रोजगार के साथ स्वरोजगार के अवसरों का भी लाभ उठा सकें।

इनका रहा आयोजन में सहयोग

कार्यक्रम का संचालन कनिष्ठ अनुदेशक एकता जाटोलिया ने किया। आयोजन में मंसूरअली, इरफान मोहम्मद डायर, राजेश हेमनानी, पवन कुमार स्वर्णकार, द्रोपदी लढा, अन्नपूर्णा पाटोदिया, पूजा दाधीच, मोना गांच्छा, कोनिका टांक, अनिता कुमावत और इकबाल मोहम्मद डायर सहित संस्थान स्टाफ का सहयोग रहा।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *