डीग में रमेश बाबा की बरसाने वाली ब्रज यात्रा का भव्य स्वागत, 10 हजार श्रद्धालुओं पर हुई पुष्पवर्षा


रमेश बाबा के सानिध्य में निकली ब्रज यात्रा में श्रद्धा और भक्ति का दिखा अनूठा संगम, डीगवासियों ने फूल बरसाकर किया यात्रियों का आत्मीय अभिनंदन

डीग। डीग में बरसाने वाली ब्रज यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। रमेश बाबा के सानिध्य में निकाली जा रही इस यात्रा में करीब 10 हजार श्रद्धालु शामिल हैं। यात्रा के डीग क्षेत्र में पहुंचने पर श्रद्धा, भक्ति और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। डीगवासियों और आसपास के ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का आत्मीय स्वागत एवं सत्कार किया।

नगर सभापति की ओर से बनाया गया भव्य पुष्प स्वागत द्वार

नगर परिषद डीग के सभापति अर्पित गुप्ता की ओर से ब्रज यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए भव्य पुष्प स्वागत द्वार बनाया गया। उनके पिता अमरनाथ गुप्ता ने भी यात्रियों का आत्मीय सत्कार किया।

इस दौरान ललित तिवारी, लक्ष्मण मंदिर के पं. मुरारी लाल पाराशर और गणेश पाराशर सहित अन्य लोगों ने श्रद्धालुओं की आरती उतारी। उन्हें माला और दुपट्टा पहनाकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। इस अवसर पर ठाकुरजी को बाल भोग भी लगाया गया।

जगह-जगह पुष्पवर्षा, फल और खाद्य सामग्री भेंट कर किया स्वागत

ब्रज यात्रा के मार्ग में डीग क्षेत्र की जनता ने जगह-जगह फूलों की वर्षा कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने यात्रियों को फल एवं अन्य खाद्य सामग्री भेंट कर सेवा और समर्पण की भावना का परिचय दिया।

यात्रा में छोटे-छोटे बच्चे ग्वाल-बालों के स्वरूप में नृत्य करते हुए और ठाकुरजी के भजन गाते हुए चल रहे थे। भजन-कीर्तन और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं की मौजूदगी और स्थानीय लोगों के उत्साह से यात्रा मार्ग पर भक्ति का विशेष माहौल देखने को मिला।

ताकोली और महमदपुर गांव में श्रद्धालुओं के विश्राम व भोजन की व्यवस्था

राधा कृष्ण शास्त्री ने बताया कि यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के विश्राम और भोजन की व्यवस्था आज ताकोली तथा महमदपुर गांव में की गई है। उन्होंने कहा कि डीगवासियों और ग्रामीणों की ओर से मिले असीम प्रेम, सहयोग और सेवा भाव को देखकर यात्रा में शामिल श्रद्धालु अभिभूत हैं।

उन्होंने लक्ष्मण मंदिर के महंत पं. मुरारी लाल पाराशर, नगर परिषद सभापति अर्पित गुप्ता, अमरनाथ गुप्ता, दाऊ दयाल, ललित तिवारी सहित समस्त सहयोगकर्ताओं और डीग की जनता का आभार व्यक्त किया।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *