पूंछरी पड़ाव पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, 10 हजार से अधिक भक्तों ने किए ब्रज के दिव्य स्थलों के दर्शन
डीग। राधा रानी ब्रज यात्रा के तहत ब्रज के विरक्त संत पद्मश्री रमेश बाबा के नेतृत्व में निकली यात्रा ने दो दिवसीय पूंछरी पड़ाव के दूसरे दिन गिरिराज महाराज की परिक्रमा की। इस दौरान करीब 10 हजार श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखकर ऐसा लग रहा था मानो कोई समुद्र अपनी सीमाएं लांघ रहा हो। पूरा परिक्रमा मार्ग ‘गिरिराज धरण हम तेरी शरण’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
यात्रा के दौरान नृसिंह बाबा ने एक ब्रजवासी द्वारा रचित रसिया का गायन किया। इस रसिया में बाबा की यात्रा का वास्तविक दर्शन देखने को मिला। इसके बोल थे—‘श्री राधा रानी ब्रज यात्रा की शोभा लगे प्यारी, याकी कीरत जग में न्यारी।’ रसिया के माध्यम से यात्रा की महिमा और ब्रज की भक्ति भावना का सुंदर चित्रण किया गया।
ब्रज के दिव्य धार्मिक स्थलों के किए दर्शन
यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने ब्रज क्षेत्र के अनेक धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन किए। इनमें पूंछरी, कोई लोठा, नवल कुंड, अप्सरा कुंड, ऐरावत कुंड, इंद्र पूजा स्थल, सुरभि कुंड, जतीपुरा मुखारविंद, श्रीनाथजी मंदिर, जान-अजान, चक्रेश्वर चबूतरा, उद्धव कुंड, राधाकुंड, श्यामकुंड, कुसुम सरोवर, नारद कुंड, ग्वाल पोखरा, श्याम कुटी, बाबा श्री प्रियाशरणजी की समाधि, मानसी गंगा, श्री हरदेव, दानघाटी, गोविंद कुंड और लुक-लुक कुंड सहित अन्य दिव्य स्थल शामिल रहे।
यात्रा के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया गया। पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने ब्रज के धार्मिक स्थलों के दर्शन कर आस्था व्यक्त की।
हैलीपैड क्षेत्र को यात्रा पड़ाव स्थल के रूप में विकसित करने की मांग
पूंछरी पड़ाव पर मान मंदिर के कार्यकारी अध्यक्ष राधाकांत शास्त्री ने राजस्थान सरकार से एक महत्वपूर्ण मांग रखी। उन्होंने कहा कि जहां वर्तमान में हैलीपैड स्थल बनाया गया है, उस संपूर्ण क्षेत्र को ब्रज यात्रा के पड़ाव स्थल के रूप में विकसित किया जाना चाहिए।
राधाकांत शास्त्री ने कहा कि यह कार्य अत्यंत आवश्यक और जनोपयोगी होगा। इससे ब्रज यात्रा के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने राजस्थान सरकार से इस दिशा में आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
इस अवसर पर राधाकांत शास्त्री, नृसिंह दास, सुशील गोस्वामी, बाबा ब्रजशरण दासजी, राजकुमार शास्त्री, महेश शास्त्री, ब्रज दास, संजय प्रधान, शंकर बाबा और राधाकिशन पंडित सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:

डीग, राजस्थान
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।