डीग में जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने ली अधिकारियों की बैठक, विकास कार्यों की समीक्षा


सावित्रीबाई फुले छात्रावास का 90 और बेढ़म पशु चिकित्सालय का 92 प्रतिशत कार्य पूरा, डीग बस स्टैंड का थर्ड पार्टी निरीक्षण कराने के निर्देश

डीग। जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर बजट घोषणा वर्ष 2024-25, 2025-26 एवं 2026-27 के तहत जिले में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विभागवार कार्यों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बैठक में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) की पालना और 20 नवंबर को होने वाली मतगणना की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

छात्रावास और पशु चिकित्सालय भवन का निर्माण कार्य अंतिम चरण में

बैठक में विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया गया कि राजस्थान राज्य कृषि विपणन बोर्ड की ओर से निर्माणाधीन सावित्रीबाई फुले छात्रावास भवन का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। वहीं बेढ़म, डीग में नवीन पशु चिकित्सालय भवन का 92 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो गया है। भवन में शेष फिनिशिंग का कार्य किया जाना है।

जिला कलेक्टर ने दोनों निर्माण कार्यों की शेष गतिविधियां शीघ्र पूरी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने डीग बस स्टैंड का थर्ड पार्टी निरीक्षण कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाए, ताकि निर्माण कार्य की वास्तविक स्थिति, गुणवत्ता और संभावित कमियों का आकलन किया जा सके। निरीक्षण के दौरान यदि कोई कमी सामने आती है तो उसे रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से शामिल कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

ग्रेप की पालना और यातायात व्यवस्था सुधारने के निर्देश

बैठक में बताया गया कि ग्रेप-3 की अवधि समाप्त हो चुकी है तथा वर्तमान में 5 नवंबर से 20 नवंबर तक ग्रेप-2 लागू है। इसके तहत निर्माण गतिविधियां भी रोकी गई हैं, जिन्हें 20 नवंबर के बाद दोबारा शुरू किया जाएगा।

जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को ग्रेप के प्रावधानों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने डीग के लक्ष्मण मंदिर चौराहे और कामां के कोसी चौराहे पर यातायात जाम की समस्या का समाधान करने पर भी जोर दिया।

उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और दोनों चौराहों पर यातायात सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप कार्रवाई करने को कहा।

20 नवंबर की मतगणना तैयारियों की समीक्षा

जिला कलेक्टर ने 20 नवंबर को होने वाली पंचायतीराज आम चुनाव-2026 की मतगणना की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने मतगणना स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था, आवागमन और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने तथा संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध तरीके से निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *