शादी-विवाह के सीजन में पानी की किल्लत से लोग परेशान, जलदाय विभाग के अधिकारियों पर फोन नहीं उठाने का आरोप
डीग। डीग शहर के वार्ड संख्या 31 में पांच दिनों से जलापूर्ति ठप होने के कारण स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी की आपूर्ति बाधित होने से नाराज वार्ड की महिलाओं ने प्रदर्शन कर अपनी समस्या और रोष जाहिर किया। स्थानीय लोगों ने जलदाय विभाग से जल्द पेयजल व्यवस्था सुचारु करवाने की मांग की है।
शादी-विवाह के सीजन में बढ़ी परेशानी
भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष गिरीश शर्मा ने बताया कि वार्ड में पिछले पांच दिनों से पानी की सप्लाई बंद है। वर्तमान में शादी-विवाह का सीजन चल रहा है और घरों में मांगलिक कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। ऐसे समय में जलापूर्ति बाधित होने से आमजन, महिलाओं और बुजुर्गों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
अधिकारियों पर फोन नहीं उठाने का आरोप
गिरीश शर्मा ने आरोप लगाया कि पेयजल समस्या को लेकर जब स्थानीय लोग जलदाय विभाग के अधिकारियों को फोन करते हैं, तो अधिकारी फोन तक नहीं उठाते। ऐसे में आमजन अपनी समस्या किसके सामने रखें। उन्होंने कहा कि जनता को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि नियमित जलापूर्ति चाहिए।
जल्द समाधान नहीं हुआ तो कार्यालय घेराव की चेतावनी
गिरीश शर्मा ने प्रशासन और जलदाय विभाग के अधिकारियों से वार्ड 31 में तत्काल पानी की सप्लाई सुचारु करवाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो जलदाय विभाग कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान मनीषा शर्मा प्रदेश सचिव ब्राह्मण समाज, रेखा शर्मा, पूर्व पार्षद गीता शर्मा, त्रिवेणी शर्मा, पिस्ता प्रजापत, पुष्पा, गीता, अंगूरी सहित अन्य महिलाएं मौजूद रहीं।
यह भी पढ़ें:

डीग, राजस्थान
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।