मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना से दीपिका सनवाल बनीं सफल उद्यमी, 5 लोगों को दिया रोजगार


बैंकिंग की नौकरी का सपना पूरा नहीं हुआ तो हल्द्वानी में शुरू किया मेकअप स्टूडियो, आज 10 लाख रुपये तक पहुंचा वार्षिक कारोबार

नैनीताल। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के माध्यम से उत्तराखंड में युवा और महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। इसी कड़ी में हल्द्वानी की दीपिका सनवाल ने अपनी मेहनत, कौशल और उद्यमशीलता से सफलता की नई कहानी लिखी है। कभी बैंकिंग क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देखने वाली दीपिका आज अपना मेकअप स्टूडियो संचालित कर रही हैं। इतना ही नहीं, वह स्वयं उद्यमी बनने के साथ अन्य महिलाओं को भी प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही हैं।

प्रतियोगी परीक्षाओं में अपेक्षित सफलता नहीं मिलने के बावजूद दीपिका ने निराश होने के बजाय स्वरोजगार का रास्ता चुना। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में संचालित स्वरोजगार योजनाओं का लाभ उठाकर उन्होंने अपने सपने को व्यवसाय में बदल दिया।

मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना से मिला आर्थिक सहयोग

वर्ष 2022-23 में दीपिका ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की हल्द्वानी शाखा से 7 लाख रुपये की परियोजना के लिए ऋण प्राप्त किया। इसमें बैंक की ओर से 6.65 लाख रुपये का ऋण वितरित किया गया, जबकि 35 हजार रुपये का अंशदान दीपिका ने स्वयं किया। योजना के तहत उन्हें 1.05 लाख रुपये की सब्सिडी भी प्रदान की गई।

इस आर्थिक सहयोग ने दीपिका को अपना व्यवसाय शुरू करने का अवसर दिया। उन्होंने इस अवसर का लाभ उठाते हुए अपने कौशल को व्यवसाय का आधार बनाया और स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाया।

लैक्मे एकेडमी से प्रशिक्षण लेकर शुरू किया मेकअप स्टूडियो

दीपिका ने लैक्मे एकेडमी से प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने हुनर को निखारा। इसके बाद उन्होंने हल्द्वानी में ‘DEEPIKA SANWAL MAKEUP STUDIO’ की शुरुआत की। शुरुआत में उन्होंने अपने लिए रोजगार का अवसर तैयार किया, लेकिन धीरे-धीरे व्यवसाय का विस्तार करते हुए अन्य महिलाओं को भी प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ना शुरू कर दिया।

आज उनके स्टूडियो में ब्राइडल मेकअप, पार्टी मेकअप, हेयर स्टाइलिंग, फेशियल सहित विभिन्न प्रकार की ब्यूटी सेवाएं उपलब्ध हैं। बेहतर सेवाओं और गुणवत्तापूर्ण कार्य के चलते उनके स्टूडियो को पहचान मिली है।

10 लाख रुपये तक पहुंचा वार्षिक कारोबार, 5 लोगों को रोजगार

दीपिका के प्रयासों का परिणाम है कि उनका वार्षिक कारोबार वर्तमान में लगभग 10 लाख रुपये तक पहुंच गया है। उनके इस उद्यम से अब तक 5 लोगों को रोजगार मिल चुका है। इस तरह जो दीपिका कभी स्वयं नौकरी की तलाश में थीं, आज वह दूसरे लोगों के लिए रोजगार के अवसर तैयार कर रही हैं।

दीपिका की सफलता यह दिखाती है कि सही अवसर, प्रशिक्षण, आर्थिक सहयोग और मेहनत के जरिए स्वरोजगार को सफल व्यवसाय में बदला जा सकता है।

महिलाओं और युवाओं के लिए बनीं प्रेरणा

दीपिका सनवाल की यह उपलब्धि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के उद्देश्य को भी सामने लाती है। यह योजना युवाओं को केवल नौकरी तलाशने के बजाय अपना उद्यम शुरू करने और दूसरों के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने की प्रेरणा देती है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की स्वरोजगारपरक योजनाएं युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में काम कर रही हैं। दीपिका की कहानी मातृशक्ति की मेहनत, आत्मविश्वास और उद्यमशीलता की एक प्रेरक मिसाल है।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *