भीलवाड़ा में महात्मा ज्योतिबा फुले की 136वीं पुण्यतिथि पर किया नमन


माली सेवा संस्थान ने फुले सर्कल पर माल्यार्पण कर नारी शिक्षा, सामाजिक समानता और जागरूक समाज के निर्माण का लिया संकल्प

भीलवाड़ा। समाज में शिक्षा, समानता और जागरूकता की अलख जगाने वाले महात्मा ज्योतिबा फुले की 136वीं पुण्यतिथि पर भीलवाड़ा में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। महात्मा ज्योतिबा फुले माली सेवा संस्थान की ओर से आयोजित कार्यक्रम में समाजजनों ने उनके विचारों को आत्मसात करते हुए सामाजिक बदलाव की दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प लिया।

नेहरू रोड स्थित महात्मा ज्योतिबा फुले सर्कल पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। इस दौरान वक्ताओं ने नारी शिक्षा, सामाजिक समानता और समाज के उत्थान के लिए महात्मा फुले द्वारा किए गए ऐतिहासिक कार्यों को याद किया। उन्होंने कहा कि महात्मा फुले के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और समाज को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।

शिक्षा और सामाजिक जागृति से ही संभव बदलाव

संस्था के सचिव एडवोकेट राजकुमार माली ने कहा कि समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त कर शिक्षित और जागरूक समाज का निर्माण करना समय की आवश्यकता है। सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक क्षेत्रों में जागृति लाकर ही वास्तविक सामाजिक क्रांति संभव है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा और एकता के माध्यम से महात्मा ज्योतिबा फुले के सपनों को साकार करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उनके विचारों और सामाजिक योगदान को जीवन में अपनाकर समाज को सकारात्मक बदलाव की दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है।

सैकड़ों समाजजनों ने दी श्रद्धांजलि

कार्यक्रम में संस्था अध्यक्ष बद्रीलाल पारेता, जिलाध्यक्ष नंदलाल माली, पूर्व पार्षद दौलत माली, दिनेश माली, गौरीशंकर माली, रामेश्वर माली और चांदमल माली सहित सैकड़ों समाजजन उपस्थित रहे। सभी ने महात्मा ज्योतिबा फुले को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बताए शिक्षा, समानता और सामाजिक उत्थान के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *