परिचयात्मक बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश, प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपनी समस्या रखने का मिलेगा अवसर; पुलिस मैस का किया औचक निरीक्षण
नैनीताल। नैनीताल के नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी (IPS) ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद रात्रि में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों और विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों के साथ परिचयात्मक एवं समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में उन्होंने कानून-व्यवस्था, स्थानीय चुनौतियों, पुलिसकर्मियों की समस्याओं और बेहतर पुलिसिंग को लेकर अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की।
एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है, लेकिन प्रत्येक कार्मिक को अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को विश्वास में लें और उन्हें भरोसा दिलाएं कि कोई भी पुलिसकर्मी बिना झिझक उनके समक्ष अपनी समस्या या बात रख सकता है। कार्मिकों की समस्याओं का अपने स्तर से हरसंभव समाधान किया जाएगा।
अधिकारियों से जानी क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियां और चुनौतियां
बैठक के दौरान एसएसपी ने सभी अधिकारियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने उनके कार्यक्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों, क्षेत्र की संवेदनशीलता, कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों और स्थानीय समस्याओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय, जवाबदेही और टीम भावना के साथ काम करने के निर्देश दिए। एसएसपी ने कहा कि जनपद में बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के लिए सभी अधिकारियों को एकजुट होकर काम करना होगा। आने वाली प्रत्येक चुनौती का सामना पूरी प्रतिबद्धता और सामूहिक प्रयासों से किया जाएगा।
पर्यटन नगरी की गरिमा के अनुरूप हो पुलिस का व्यवहार
एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने कहा कि नैनीताल एक प्रमुख पर्यटन जनपद है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में पुलिसकर्मियों का व्यवहार शालीन, संवेदनशील और जनहितकारी होना बेहद आवश्यक है।
उन्होंने निर्देश दिए कि थाना, चौकी अथवा पुलिस कार्यालय में आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुना जाए। साथ ही शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को पुलिस से समय पर सहायता मिल सके।
पुलिस मैस का औचक निरीक्षण कर दिए निर्देश
बैठक के बाद एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने कोतवाली परिसर स्थित पुलिस मैस का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मैस की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और साफ-सफाई, स्वच्छता तथा बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बेहतर पुलिसिंग के लिए आमजन के प्रति संवेदनशीलता और जवाबदेही जितनी जरूरी है, उतना ही महत्वपूर्ण पुलिस विभाग के भीतर अनुशासन, आपसी समन्वय और कार्मिकों की सुविधाओं का ध्यान रखना भी है।
बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में हरबंस सिंह, एसपी सिटी हल्द्वानी, रेवाधर मठपाल, एसपी संचार नैनीताल, रविकांत सेमवाल, क्षेत्राधिकारी रामनगर, विमल प्रसाद, क्षेत्राधिकारी लालकुआं, श्रीमती अंजना नेगी, क्षेत्राधिकारी भवाली, लव शर्मा, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी, विनय सिंह, क्षेत्राधिकारी भवाली, समीरन भट्ट, क्षेत्राधिकारी ऑप्स नैनीताल तथा हरकेश सिंह, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन नैनीताल उपस्थित रहे।
इसके अलावा समस्त थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी, शाखा प्रभारी, प्रधान लिपिक, अकाउंटेंट, आशुलिपिक और पीआरओ सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी बैठक में मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:

नैनीताल, उत्तराखंड
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।