प्रधान पद पर एकता वर्मा ने भाजपा प्रत्याशी को 8 मतों से हराया, उपप्रधान चुनाव में हरीश कुमार मीणा 7 मतों से जीते
चौरू। टोंक जिले की उनियारा पंचायत समिति में प्रधान और उपप्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस ने दोनों पदों पर जीत दर्ज की। शुक्रवार को प्रधान पद के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी एकता वर्मा ने भाजपा प्रत्याशी नंदकिशोर बैरवा को 8 मतों से पराजित कर जीत हासिल की। वहीं, शनिवार को उपप्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी हरीश कुमार मीणा ने भाजपा के राजेश कुमार मीणा को 7 मतों से हराकर उपप्रधान पद पर कब्जा जमाया।
दोनों पदों पर कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
एकता वर्मा 8 मतों से बनीं प्रधान
शुक्रवार को उनियारा पंचायत समिति के प्रधान पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया आयोजित की गई। इसमें कांग्रेस प्रत्याशी एकता वर्मा को 14 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा प्रत्याशी नंदकिशोर बैरवा को 6 मत मिले। इस प्रकार एकता वर्मा ने 8 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। वहीं, तीन निर्दलीय पंचायत समिति सदस्यों ने मतदान में भाग नहीं लिया।
रिटर्निंग ऑफिसर एवं उनियारा एसडीएम सुमन गुर्जर ने नवनिर्वाचित प्रधान एकता वर्मा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
हरीश कुमार मीणा 7 मतों से उपप्रधान निर्वाचित
उनियारा पंचायत समिति के उपप्रधान पद के लिए शनिवार को अलीगढ़ स्थित पंचायत समिति सभागार में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न हुई। इसमें कांग्रेस प्रत्याशी कोहल्या निवासी हरीश कुमार मीणा ने भाजपा प्रत्याशी हेदरीपुरा निवासी राजेश कुमार मीणा को 7 मतों से पराजित किया।
मतदान में कांग्रेस प्रत्याशी हरीश कुमार मीणा को 13 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी राजेश कुमार मीणा को 7 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार हरीश कुमार मीणा को 7 मतों से विजयी घोषित किया गया। उपप्रधान चुनाव में कांग्रेस का एक मत क्रॉस होने की बात भी सामने आई।
पंचायत समिति में कांग्रेस के पास था स्पष्ट बहुमत
उनियारा पंचायत समिति के कुल 23 वार्डों में कांग्रेस के 14, भाजपा के 6 और निर्दलीय 3 सदस्य निर्वाचित हुए थे। इस तरह कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत था। इसी बहुमत के आधार पर प्रधान पद पर कांग्रेस की जीत पहले से ही लगभग तय मानी जा रही थी।
प्रधान और उपप्रधान दोनों पदों पर कांग्रेस की जीत को क्षेत्र की राजनीति में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें पंचायत समिति के आगामी विकास कार्यों और जनहित से जुड़े फैसलों पर टिकी हैं।
चुनाव के दौरान सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
चुनाव प्रक्रिया के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। अलीगढ़ थाना प्रभारी राजकुमार चौधरी सहित उनियारा वृत्त के विभिन्न पुलिस थानों का पुलिस जाप्ता मौके पर तैनात रहा।
इस दौरान उनियारा तहसीलदार प्रभुदयाल मीणा और पुलिस वृत्ताधिकारी अशोक कानखेड़िया सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। पंचायत समिति कार्यालय से करीब 200 मीटर पहले पुलिस ने बैरिकेडिंग कर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया। चुनाव के दौरान पंचायत समिति परिसर के बाहर समर्थकों की भीड़ जुटी रही।
जीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न
एकता वर्मा के प्रधान निर्वाचित होने की घोषणा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। कांग्रेस संगठन जिला प्रभारी डॉ. सुमित गर्ग के नेतृत्व में समर्थकों ने नवनिर्वाचित प्रधान का फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान आतिशबाजी और ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का जश्न मनाया गया।
जनता की जीत और विकास की जीत है-एकता वर्मा
नवनिर्वाचित प्रधान एकता वर्मा ने कहा कि यह जीत जनता के विश्वास और विकास की जीत है। उन्होंने पंचायत समिति के सभी सदस्यों, क्षेत्रवासियों, बुजुर्गों, मातृशक्ति, युवाओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि उनके लिए पद से बढ़कर जनता का सम्मान और जनसेवा है। वह बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक व्यक्ति के सुख-दुख में साथ खड़ी रहेंगी। साथ ही संपूर्ण उनियारा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेंगी।
एकता वर्मा ने कहा, “आपका विश्वास ही मेरी ताकत है, आपका आशीर्वाद ही मेरी पूंजी है और जनसेवा ही मेरा एकमात्र संकल्प है।”
उनियारा पंचायत समिति में प्रधान और उपप्रधान दोनों पदों पर कांग्रेस की जीत के बाद अब क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि पंचायत समिति के माध्यम से विकास कार्यों को गति मिलेगी और जनहित से जुड़े फैसलों को प्राथमिकता दी जाएगी।
यह भी पढ़ें:
Tonk, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।