“मन की बात” कार्यक्रम का 124वां संस्करण पूरे जिले में उत्साहपूर्वक सुना गया


गंगापुर सिटी।पंकज शर्मा। आज देश के यशस्वी प्रधानमंत्री माननीय श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा प्रस्तुत “मन की बात” कार्यक्रम के 124वें संस्करण का सवाई माधोपुर जिले में व्यापक स्तर पर प्रसारण हुआ। जिले के सभी 17 मंडलों में मंडल अध्यक्षों के नेतृत्व में शक्ति केंद्रों एवं बूथ स्तर तक कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कराया गया, जिसमें बड़ी संख्या में आमजन एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

पूरे जिले में सैकड़ों स्थानों पर आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा के जिला अध्यक्ष मानसिंह गुर्जर सहित जिला पदाधिकारी, पूर्व पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता, मंडल अध्यक्ष, शक्ति केंद्र प्रभारी, बूथ अध्यक्ष एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। आम जनमानस को भी कार्यक्रम से जोड़ने हेतु विशेष प्रयास किए गए, जिससे विभिन्न वर्गों के लोगों तक प्रधानमंत्री जी का संदेश सीधे पहुंचा।

“मन की बात” कार्यक्रम के जिला संयोजक डॉ. हेमंत शर्मा ने बताया कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा आज के संवाद में देश के सभी वर्गों—विशेष रूप से युवाओं, किसानों, महिलाओं, और विज्ञान-प्रौद्योगिकी क्षेत्र से जुड़े लोगों—के हित में महत्वपूर्ण बातों को साझा किया गया। यह कार्यक्रम जनजागरूकता एवं राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक प्रेरणादायक प्रयास है।

आज प्रसारित ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने देशवासियों का ध्यान स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसे जरूरी मुद्दों की ओर दिलाया। उन्होंने वर्षा ऋतु में स्वच्छता बनाए रखने और जल स्रोतों की शुद्धता पर बल दिया। आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत युवाओं को नवाचार और स्टार्टअप के क्षेत्र में आगे आने के लिए प्रेरित किया। वर्षा जल संचयन और ‘कैच द रेन’ अभियान की चर्चा करते हुए जल संरक्षण के प्रति जनसहभागिता की अपील की। देश के उभरते खिलाड़ियों और खेलों के प्रति बढ़ती जागरूकता का उल्लेख करते हुए ‘खेलो इंडिया’ जैसी योजनाओं की सराहना की। साथ ही भारतीय संस्कृति और तीर्थ स्थलों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के महत्व पर भी बल दिया।

प्रधानमंत्री ने जनभागीदारी को देश के निर्माण की आत्मा बताते हुए कहा:
“देश के प्रत्येक नागरिक को अब सिर्फ दर्शक नहीं, बल्कि एक सक्रिय भागीदार बनना है। स्वच्छता हो, आत्मनिर्भरता हो या नवाचार — भारत की शक्ति उसके लोगों की भागीदारी में है।”

सवाई माधोपुर जिले में भाजपा संगठन की ओर से इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने हेतु सभी कार्यकर्ताओं ने अनुकरणीय समर्पण भाव से कार्य किया।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now