तीन वर्षों से बंद छात्रसंघ चुनाव शुरू कराने की मांग को लेकर अभाविप कार्यकर्ताओं ने कुलगुरु कार्यालय के बाहर धरना देकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
भरतपुर। राजस्थान में पिछले तीन वर्षों से बंद छात्रसंघ चुनावों को पुनः बहाल कराने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने गुरुवार को महाराजा सूरजमल बृज विश्वविद्यालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं परिषद कार्यकर्ता विश्वविद्यालय परिसर में एकत्रित हुए और छात्रहितों की रक्षा तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को पुनर्स्थापित करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान अभाविप कार्यकर्ताओं ने कुलगुरु (वीसी) कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण धरना देकर अपना विरोध दर्ज कराया। परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव केवल प्रतिनिधि चुनने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। चुनाव बंद होने से विद्यार्थियों की आवाज और उनके प्रतिनिधित्व का अधिकार प्रभावित हुआ है।
मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद अभाविप के प्रतिनिधिमंडल ने कुलगुरु के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में शीघ्र छात्रसंघ चुनाव घोषित कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को पुनः प्रारंभ करने की मांग की गई।
परिषद ने कहा कि राजस्थान जैसे युवा राज्य में लगातार छात्रसंघ चुनाव स्थगित रहना विद्यार्थियों के लोकतांत्रिक अधिकारों के विपरीत है। सरकार को आगामी शैक्षणिक सत्र में बिना किसी विलंब के चुनाव कराने की घोषणा करनी चाहिए।
‘छात्रसंघ लोकतंत्र की पहली पाठशाला’
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए अभाविप पदाधिकारियों ने कहा कि छात्रसंघ लोकतंत्र की पहली पाठशाला है, जहां से सामाजिक, राजनीतिक और प्रशासनिक नेतृत्व विकसित होता है। छात्रसंघ चुनावों की बहाली से विद्यार्थियों की विश्वविद्यालय प्रशासन में भागीदारी बढ़ेगी और शिक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों का समाधान अधिक प्रभावी ढंग से हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि छात्रहितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी और परिषद लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
अभाविप ने राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र छात्रसंघ चुनाव बहाल नहीं किए गए तो प्रदेशभर में व्यापक छात्र आंदोलन चलाया जाएगा। परिषद ने कहा कि ऐसे किसी भी आंदोलन की जिम्मेदारी राज्य सरकार और संबंधित प्रशासन की होगी।
ये रहे उपस्थित
प्रदर्शन में प्रांत सह मंत्री नितेश हंतरा, विभाग संयोजक दौलत शर्मा कंजोली, जिला संयोजक वरुण सिंह सोलंकी, भाग संयोजक विवेक गुप्ता, भावेश चौधरी, संजीव सैनी, प्रांत सोशल मीडिया प्रमुख सौरभ परासर, नगर मंत्री भानु फौजदार, सह मंत्री अनूप फौजदार, दुष्यंत शर्मा, इकाई मंत्री मोहित केन, अनुज, केशव, पराक्रम, भावना सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं परिषद कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:

Gangapur City, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।