सवाई माधोपुर में जैन श्रमणों के विहार और चातुर्मास व्यवस्थाओं पर जिला स्तरीय बैठक


विहार मार्ग, संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा और चातुर्मास के लिए भूमि आवंटन को लेकर प्रशासन एवं जैन समाज के प्रतिनिधियों ने किया मंथन।

सवाई माधोपुर। जैन श्रमणों के पैदल पद विहार तथा चातुर्मास के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर गठित जिला स्तरीय समिति की बैठक गुरुवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित हुई। बैठक में जैन श्रमणों के विहार मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील क्षेत्रों के चिन्हीकरण तथा चातुर्मास के लिए भूमि आवंटन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में जैन श्रमणों के विहार के लिए प्रस्तावित रूट चार्ट का चिन्हीकरण करने तथा मार्ग में आने वाले संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर आवश्यक सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि विहार के दौरान सुरक्षा, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए।

चातुर्मास के लिए भूमि आवंटन पर हुई चर्चा

बैठक में चातुर्मास के दौरान जैन श्रमणों के ठहराव एवं धार्मिक आयोजनों के लिए भूमि आवंटन के विषय पर भी विचार-विमर्श किया गया। प्रशासन की ओर से जैन समाज के प्रतिनिधियों से उपयुक्त भूमि का चिन्हीकरण कर आवश्यक अभिलेखों सहित नियमानुसार प्रस्ताव प्रस्तुत करने का आग्रह किया गया, ताकि प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जा सके।

सुरक्षा और समन्वय पर दिया गया विशेष जोर

अतिरिक्त जिला कलक्टर ने कहा कि जैन श्रमणों के विहार के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए पुलिस, राजस्व, शिक्षा एवं अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

ये रहे उपस्थित

बैठक में पुलिस उप अधीक्षक मनीष शर्मा, उपखंड अधिकारी गौरव मित्तल, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मनोज कुमार मीणा, तहसीलदार बामनवास सीमा मीणा, शिक्षा विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जैन समाज की ओर से सुरेश चंद्र जैन, महावीर प्रसाद जैन, मनोज जैन, कपिल जैन, जिनेन्द्र जैन, सारांश जैन, पदम चंद जैन सहित अन्य प्रतिनिधियों ने बैठक में भाग लेकर अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *