राजमार्ग पर गांव अरोंदा के समीप हादसा, पुलिस ने कराया शव का पोस्टमार्टम
निजी बस से गिरा परिचालक, पीछे आ रहे ट्रक के नीचे आने से परिचालक की मौत
नदबई। आगरा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर अरोंदा के समीप असंतुलित होकर निजी से गिरने व बाद में पीछे आ रहे ट्रक की चपेट से निजी बस परिचालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर डहरामोड चौकी पुलिस ने मौके पर जांच पडताल करते हुए शव को कब्जे में लिया। बाद में पुलिस ने नदबई चिकित्सालय में शव का पोस्टमार्टम कराया।
सूत्रों की मानें तो कोतवाली उन्नाव निवासी राज जाटव पुत्र शिववरन जाटव अपने साथी चालक के साथ निजी बस में सवारी लेकर जयपुर से उन्नाव जा रहा। इसी दौरान गांव अरोंदा के समीप बेसहारा गौवंश को बचाने की जुगत में चालक ने जोरदार ब्रेक लगा दी। जिसके चलते असंतुलित होकर परिचालक राज जाटव, निजी बस से नीचे गिर गया। नीचे गिरने पर पहले ट्रक व बाद में दूसरी निजी बस की चपेट में आने के चलते परिचालक राज जाटव की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने जांच पडताल करते हुए परिजनों को सूचना दी। बाद में नदबई जिला चिकित्सालय में शव का पोस्टमार्टम कराया। इस संदर्भ में समाचार लिखे जाने तक पुलिस में मामला दर्ज नहीं हुआ।

Bharatpur, Rajasthan