पर्यावरणविद बाबूलाल जाजू ने दिलाई शपथ; राष्ट्रहित में विदेशी मुद्रा बचाने और स्वदेशी अपनाने का दिया संदेश
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। भीलवाड़ा के कुमुद विहार पीस पार्क में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पेट्रोल-डीजल बचत अभियान को जबरदस्त समर्थन मिला है। पर्यावरणविद बाबूलाल जाजू के सानिध्य में कॉलोनी वासियों ने राष्ट्रहित में ईंधन के न्यूनतम उपयोग की सामूहिक शपथ ली।
ईंधन बचत से मजबूत होगी अर्थव्यवस्था
संरक्षक और पर्यावरणविद बाबूलाल जाजू ने निवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि पेट्रोल की बचत न केवल पर्यावरण के लिए जरूरी है, बल्कि इससे देश की विदेशी मुद्रा के खर्च में भी बड़ी कमी आएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री के इस अभियान का स्वागत करते हुए नागरिकों से अपील की कि वे आगामी एक वर्ष तक विशेष रूप से स्वदेशी सामग्री का उपयोग करें।
इन गणमान्य नागरिकों ने ली शपथ
कॉलोनी अध्यक्ष सुरेश माहेश्वरी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में अनिल अग्रवाल, राधेश्याम तोतला, अजय लोहिया, जगदीश कोगटा, प्रभात जैन सहित कई गणमान्य नागरिकों ने अपने दुपहिया और चौपहिया वाहनों के सीमित उपयोग का संकल्प लिया।
स्वदेशी अपनाने पर जोर
जाजू ने जनजागरण अभियान को विस्तार देते हुए सुझाव दिया कि राष्ट्रहित में नागरिकों को अगले एक वर्ष तक विदेश यात्रा टालने और सोना न खरीदने जैसे कड़े संकल्प लेने चाहिए, ताकि भारतीय अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिल सके। कार्यक्रम में शशि अग्रवाल, प्रीति लोहिया और शारदा माहेश्वरी सहित महिला शक्ति ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
