गंगापुर सिटी में विजयादशमी पर आर्य वीर दल का शौर्य प्रदर्शन


बजाज ट्रस्ट मैरिज गार्डन में युवाओं ने दिखाए तलवारबाजी, लाठी संचालन और आग की बनेटी के करतब, छाती पर बर्फ की सिल्ली व टाइल्स तोड़कर किया रोमांचित

गंगापुर सिटी। विजयादशमी के पावन अवसर पर मंगलवार को आर्य वीर दल गंगापुर सिटी की ओर से बजाज ट्रस्ट मैरिज गार्डन में भव्य शौर्य प्रदर्शन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह 6:15 बजे से 8 बजे तक चले कार्यक्रम में आर्य वीरों और वीरांगनाओं ने साहस, शारीरिक क्षमता और अनुशासन का प्रदर्शन करते हुए हैरतअंगेज करतब प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में मौजूद दर्शकों ने तालियों और भारत माता के जयकारों के साथ प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

वैदिक राष्ट्र प्रार्थना से हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक राष्ट्र प्रार्थना के साथ हुई। इसके बाद मुख्य अतिथि कन्या गुरुकुल भुसावर के संचालक हरिश्चंद्र शास्त्री, नगर परिषद सभापति कृष्ण कुमार गोयल, विशिष्ट अतिथि पंकज कुमार मंगलम और मदन मोहन आर्य का आयोजकों ने दुपट्टा ओढ़ाकर और प्रतीक चिह्न भेंट कर स्वागत किया।

लाठी, तलवारबाजी और भाला संचालन ने किया रोमांचित

नगर संचालक शुभम आर्य ने बताया कि कार्यक्रम में आर्य वीर दल के सदस्यों ने विभिन्न शारीरिक और युद्ध कौशल आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी दक्षता दिखाई।

प्रदर्शन के प्रमुख आकर्षणों में सर्वांग सुंदर व्यायाम, सूर्य नमस्कार, जूडो-कराटे, लाठी संचालन, तलवारबाजी और भाला संचालन शामिल रहे। इसके अलावा पिरामिड निर्माण, मानव पुल, कोल्हापुरी तलवार के करतब, आग की बनेटी और डंबल प्रदर्शन भी किए गए।

बर्फ की सिल्ली और टाइल्स तोड़ने के करतब बने आकर्षण

कार्यक्रम के दौरान आर्य वीरों ने छाती पर बर्फ की सिल्ली फोड़ने, मटकी तोड़ने और टाइल्स तोड़ने जैसे रोमांचक करतब प्रस्तुत किए। इन प्रदर्शनों को देखकर दर्शक दंग रह गए। पूरे परिसर में भारत माता के जयकारे गूंजते रहे और युवाओं के साहसिक प्रदर्शन को दर्शकों की सराहना मिली।

देशभक्ति गीतों और गुरुकुल की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

शौर्य प्रदर्शन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। सुमन आर्या और उषा आर्या ने “मेरे देश की बहनों सुनलो…” गीत प्रस्तुत किया। वहीं, गुरुकुल की ब्रह्मचारिणियों ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में उत्साह और देशभक्ति का रंग भर दिया।

संस्कृति, संस्कार और चरित्र निर्माण का संदेश

मुख्य अतिथि हरिश्चंद्र शास्त्री ने कहा कि आर्य वीर दल का आयोजन केवल शारीरिक कौशल दिखाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संस्कृति, संस्कार और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों का संदेश भी देता है। उन्होंने महर्षि दयानंद सरस्वती के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि आर्य समाज का उद्देश्य मनुष्य और चरित्र का निर्माण करना है। उन्होंने समाज से अंधविश्वास और कुरीतियों को त्यागकर वेदों एवं सत्य के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

युवाओं को अनुशासन और शारीरिक सक्रियता से जोड़ने पर जोर

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नगर परिषद सभापति कृष्ण कुमार गोयल ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी नशे की लत, मोबाइल के अत्यधिक इस्तेमाल और शारीरिक निष्क्रियता जैसी चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे समय में आर्य वीर दल का प्रशिक्षण युवाओं को अनुशासित और संस्कारित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

उन्होंने गंगापुर सिटी को स्वच्छ और सुंदर बनाने के संकल्प की बात भी कही।

विशिष्ट अतिथि पंकज कुमार मंगलम ने कहा कि आर्य वीर दल में मिलने वाला प्रशिक्षण बच्चों के शारीरिक, आत्मिक और सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता है।

ध्वज अवतरण के साथ कार्यक्रम का समापन

कार्यक्रम के अंत में सभापति कृष्ण कुमार गोयल ने उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया। इसके बाद ध्वज अवतरण के साथ शौर्य प्रदर्शन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस अवसर पर आर्य समाज के संरक्षक मदन मोहन आर्य, प्रधान ओमप्रकाश, गिरीश आर्य, भरत आर्य, प्रिंस, प्रदीप शर्मा, नरेंद्र आर्य, विशाल आर्य, देवेंद्र आर्य, मनोज आर्य, संजय आर्य, ओमेंद्र सिंह राजपूत, संतोष मसावता, वीरेंद्र आर्य, विश्वबंधु आर्य, राजेश आर्य, लखन, सचिन, करण, अभिषेक, प्रवीण शर्मा, सुमन, सुनीता और उषा सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिक एवं श्रोता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *